छत्तीसगढ़राजनांदगांव जिला

Rajnandgaon: ग्राम धर्मपुर में अवैध मिशनरी आश्रम का मामला, हिन्दू जागरण मंच ने प्रशासन से की कड़ी कार्रवाई की मांग

राजनांदगांव। जिले के ग्राम धर्मपुर में कथित रूप से संचालित अवैध मिशनरी आश्रम को लेकर मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। इस संबंध में हिन्दू जागरण मंच, जिला राजनांदगांव द्वारा जिला प्रशासन एवं पुलिस अधीक्षक को विस्तृत लिखित शिकायत सौंपते हुए कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायत पत्र में उल्लेख किया गया है कि ग्राम धर्मपुर में बीते कुछ वर्षों से डेविड चाको नामक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से आश्रम का संचालन किया जा रहा था, जहां कथित तौर पर हिंदू समाज के लोगों का मतांतरण कराया जा रहा था। आरोप है कि रात के समय संदिग्ध वाहनों की आवाजाही होती थी और बाहरी व्यक्तियों का आना-जाना लगातार बना रहता था।
हिन्दू जागरण मंच का कहना है कि उक्त व्यक्ति द्वारा ग्राम पंचायत से आवासीय एवं सिलाई केंद्र के नाम पर एनओसी ली गई, जबकि वास्तविक गतिविधियां इससे भिन्न थीं। आरोप है कि इसी भवन में अवैध रूप से आश्रम एवं तथाकथित नशा मुक्ति केंद्र का संचालन किया जा रहा था, जिसकी किसी भी सक्षम विभाग से अनुमति नहीं ली गई थी।
नाबालिग बच्चों को रखने का भी आरोप
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आश्रम में 10 से 12 नाबालिग बच्चों को रखा गया था। महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई थी या नहीं, इस पर भी सवाल उठाए गए हैं। बच्चों के माता-पिता से शपथ पत्र, मेडिकल परीक्षण एवं वैधानिक प्रक्रिया के पालन को लेकर भी गंभीर शंकाएं व्यक्त की गई हैं।
विदेशी फंडिंग की जांच की मांग
हिन्दू जागरण मंच ने आरोप लगाया है कि उक्त भवन के निर्माण में करोड़ों रुपये खर्च हुए हैं और यह आशंका जताई गई है कि इसमें विदेशी फंडिंग का उपयोग किया गया हो सकता है। इस पूरे मामले की ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) सहित संबंधित एजेंसियों से जांच कराने की मांग की गई है।
प्रशासनिक अनुमति और विभागीय जानकारी पर सवाल
शिकायत में यह भी पूछा गया है कि:
क्या फायर सेफ्टी विभाग से अनुमति ली गई थी
क्या पुलिस प्रशासन को वर्षों से चल रहे आश्रम की जानकारी थी
क्या स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग को सूचित किया गया था
यदि जानकारी नहीं दी गई, तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए
नार्को टेस्ट की भी मांग
शिकायत के अंत में हिन्दू जागरण मंच ने डेविड चाको का नार्को पॉलीग्राफ ब्रेन मैपिंग टेस्ट कराने की मांग करते हुए कहा है कि इससे पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।
प्रशासन ने लिया ज्ञापन
बताया जाता है कि इस मामले में शिकायत पत्र प्रशासन एवं पुलिस विभाग को प्राप्त हो चुका है। अब जिला प्रशासन द्वारा मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

https://news.google.com/publications/CAAqKAgKIiJDQklTRXdnTWFnOEtEV3RoWkhkaFoyaDFkQzVqYjIwb0FBUAE?hl=hi&gl=IN&ceid=IN%3Ahi