गोदावरी इस्पात प्लांट में बड़ा हादसा, छत गिरने से 6 मजदूरों की मौत, कई के मलबे में दबे होने की आशंका
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है।
सीएम साय ने शोक व्यक्त किया
इस हादसे को लेकर प्रदेश के मुखिया विष्णुदेव साय ने शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिली है। सीएम ने मृत लोगों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए घायल मजदूरों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

रायपुर: राजधानी के सिलतरा पुलिस चौकी क्षेत्र में स्थित इस्पात संयंत्र में शुक्रवार शाम को बड़ा हादसा हो गया। संयंत्र में काम कर रहे मजदूरों के सिर पर छत जैसा बड़ा हिस्सा टूटकर गिर गया। हादसा इतना भीषण था कि 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। अफरा-तफरी के बीच करीब आधा दर्जन घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर कुछ अन्य लोगों के दबे होने की आशंका भी जताई जा रही है।

रायपुर पुलिस से मिली जानकारी अनुसार धरसींवा थानाक्षेत्र के सिलतरा में मौजूद हीरा ग्रुप के गोदावरी इस्पात संयंत्र में शुक्रवार को बड़ा हादसा हुआ है। प्लांट मेंटेनेंस कार्य के बाद जांच करने पहुंचे कर्मचारियों पर अचानक सिल्ली जैसा ढांचा सिर पर गिर गया। इसे पुरानी बिल्डिंग की छत का हिस्सा बताया जा रहा है। प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी अनुसार 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं करीब आधा दर्जन मजदूरों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रेस्क्यू का काम जारी, कई के दबे होने की आशंका
गोदावरी प्लांट में हादसा होने के बाद संयंत्र प्रबंधन और प्रशासन की टीमें मौके पर राहत कार्य में जुटी हैं। मौके पर रेस्क्यू किया जा रहा है। घायलों को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया है। वहीं कुछ और लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका भी जताई जा रही है। राहत, बचाव और मेडिकल टीमें मौके पर मौजूद हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना है।
गेट के बाहर मजदूर और परिजन मौजूद
हादसे की जानकारी लगने के बाद हीरा ग्रुप के गोदावरी पॉवर व इस्पात प्लांट के बाहर काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। इसमें मजदूर, उनके परिजन और प्लांट के अंदर मौजूद कर्मचारियों के परिजन शामिल थे। हालांकि कंपनी के मुख्यद्वार को बंद कर दिया गया था और केवल राहत व बचाव दल और प्रशासन के लोगो को ही अंदर जाने दिया गया।
हमारे लिये ये दुख की घड़ी’
मामले में प्लांट प्रबंधन का कहना है कि हमारे लिये ये दुख की घड़ी है। हमारे साथ काम करने वाले सभी साथी एक परिवार की तरह है, हमारे सहयोगी हैं। प्लांट प्रबंधन दुख की इस घड़ी में उनके साथ है। मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए हरसंभव मदद कर रहे हैं। बाकी लोगों से भी सहयोग की अपेक्षा है।
सिलतरा स्टील प्लांट हादसा, छह की मौत, छह घायल
इनकी हुई मौत
निर्मलकर मलिक
नारायण
घनश्याम मनोहर घोरमारे
तुलसीराम धुत्त
कलीगोटला प्रसन्न कुमार
जीएल प्रसन्न कुमार
ये हुए घायल
मौतु यादव
दिप्तेंद्र
जयप्रकाश वर्मा
पवन कुमार
चंद्र प्रकाश
चकेधार राव






