
Rajnandgaon : केले की फसल में चना का बीमा कराकर किया गया लाखों का फर्जीवाड़ा
कृषि विभाग एवं बीमा कम्पनी के एजेंट की भूमिका संदिग्ध
मामला विकासखण्ड छुरिया के ग्राम पंचायत आमगाव का
छुरिया, विकासखण्ड छुरिया में रबी फसल चना में बीमा कम्पनी एवं कृषि विभाग द्वारा केले की फसल में चना फसल का बीमा कराकर लाखों रूपये का फर्जीवाड़ा किया गया है। इस फर्जीवाड़े को लेकर बीमा कम्पनी एवं कृषि विभाग में हड़कम्प मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले में बीमा कम्पनी के एजेण्ट की भूमिका संदिग्ध नजर आ रही है। मामले का खुलासा होते देख अुनविभागीय कृषि अधिकारी राजनांदगाव ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनांतर्गत चना फसल के फर्जीवाड़े की जांच के लिए उच्च स्तरीय जांच टीम का गठन भी किया है।
उल्लेखनीय है कि छुरिया विकासखण्ड में कृषि विभाग के प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनांतर्गत रबी वर्ष 2024.25 में ढाई हजार हेक्टेयर मे किसानों ने फसल बीमा कराया था जिसका दावा भुगतान बीमा कम्पनी ने लगभग साढे़ तीन करोड़ रूपये किसानों के खाते में हस्तांतरित कर दिया है। जिसमें विकासखण्ड के ग्राम पंचायत आमगांव में लगभग 170 एकड़ में केले एवं अन्य सब्जी वर्गीय फसल होने के बावजूद भी बीमा कम्पनी द्वारा बिना जांच पड़ताल के फसल बीमा कराकर लाखों रूपये का फर्जी तरीके से दावा भुगतान किया गया है। इस फर्जी भुगतान में बीमा कम्पनी के एजेण्ट एवं कृषि विभाग की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिस जमीन पर बीमा कम्पनी ने चना बीमा कराया गया था उन खसरों में बारह महीने केला एवं अन्य सब्जी वर्गीय फसल लगा रहता है। ऐसे में केले की फसल में चना का बीमा दर्शाकर लाखों रूपये का फर्जीवाड़ा किये जाने का मामला सामने आया है। जिसकी शिकायत पूर्व विधायक छन्नी चंदू साहू ने अनुविभागीय कृषि अधिकारी से की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए इस फर्जीवाड़े को लेकर जांच टीम का गठन किया गया है। इस मामले की सूक्ष्म जांच की जाए तो फसल बीमा योजनांतर्गत भ्रष्टाचार के कई बड़े खुलासे होने की संभावना है।


