
Rajnandgaon : लूट करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव, 15 फरवरी 2026।
थाना बसंतपुर पुलिस ने लूट के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी आदतन बदमाश प्रवृत्ति का है और उसके विरुद्ध पूर्व से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 18 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 1 बजे वह अपने साथी के साथ स्कूटी एक्टिवा क्रमांक CG/24/J/1299 से मोहारा शराब भट्ठी गया था। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्तियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों तथा गमछे में बंधे पत्थर से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने प्रार्थी के हाथ में रखे ₹200 तथा पर्स में रखे ₹3000 नगद सहित अन्य दस्तावेज लूटकर फरार हो गए।
मामले में थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 36/2026 धारा 296, 115(2), 351(2), 309(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
आरोपी देव यदु को घेराबंदी कर पकड़ा, साथी पहले ही जा चुका है जेल
पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन (भा.पु.से.) के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
तलाश के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मोहारा भट्ठी के पास घूम रहा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी देव यदु (23 वर्ष), निवासी झुलेलाल वार्ड चौखडियापारा, थाना बसंतपुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी सौरभ मानिकपुरी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। सौरभ मानिकपुरी को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
आपराधिक रिकॉर्ड
देव यदु के विरुद्ध थाना बसंतपुर में पहले से कई प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें वर्ष 2023 और 2024 के मारपीट, गाली-गलौज एवं अन्य धाराओं के मामले शामिल हैं।
गिरफ्तारी की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू, उप निरीक्षक देवादास भारती, सहायक उप निरीक्षक आर. राजू, प्रधान आरक्षक दीपक जायसवाल सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।






