
Rajnandgaon : मौसम की बदली, तेज हवा के कारण खड़ी फसल झुकी…
राजनांदगांव, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान मोंथा के असर से मौसम बदल गया है। मंगलवार को सुबह से आसमान में बादल छाए रहे हवा की गति भी तेज रही। वहीं ग्रामीण इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तेज बारिश का भी अलर्ट जारी किया है।
सुबह जिले के कई हिस्सों में तेज हवा भी चली। इससे धान की खड़ी फसल झुक गई है। वहीं खराब मौसम को देखते हुए किसानों ने धान की कटाई भी रोक दी है। दरअसल इन दिनों से धान के अर्ली वेरायटी की कटाई जारी है। लेकिन मौसम बदलते ही कटी फसल को नुकसान की आशंका हो देखते हुए किसानों ने फिलहाल कटाई रोक दी है। वहीं जिस फसल की कटाई में देर हैए वह भी बारिश से प्रभावित होने की आशंका है। कृषि विभाग के उप संचालक टीकम ठाकुर ने बताया कि फिलहाल धान को बड़े नुकसान की आशंका कम है। लेकिन बारिश की स्थिति बनी तो किसानों को जल जमाव को खत्म करना होगा। खेत से पानी की निकासी लगातार करते रहने की जरूरत है। तेज बारिश नहीं हुई तो समस्या नहीं होगी।
टमाटर को नुकसान समय से पहले पकेंगे जिला किसान संघ के प्रमुख सुदेश टीकम ने बताया कि खराब मौसम का असर सब्जी फसल में भी होगा। तेज बारिश हुई तो फसल खराब होगी। वहीं कीट प्रकोप का खतरा भी बढ़ेगा। बदली भरे मौसम में गोभी और टमाटर की फसल तेजी से पकती है। इससे फसल समय से पहले बड़ी मात्रा में बाजार में आएगा। जिससे दाम में गिरावट हो सकता है इससे किसानों को नुकसान पहुंचेगा है। वहीं मौसम खुलने के बाद धान में भी कीट प्रकोप का खतरा बढ़ सकता है।
दिन का तापमान 4 डिग्री तक गिर गया मौसम में बदलाव से सुबह से ठंडी हवा चलती रही। आसमान में बादल छाए रहे। इससे अधिकतम तापमान में भी गिरावट हुई है। मंगलवार को दिन का तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया है। इनमें बीते दिनों की तुलना में 4 डिग्री की गिरावट हुई है। हालांकि न्यूनतम तापमान स्थिर रहने की संभावना है। तापमान में गिरावट से दिन में हल्की ठंड और हवा की वजह से ठिठुरन जैसी स्थिति भी बनी रही। जिसे देखते हुए प्रशासन ने भी टीमों को अलर्ट पर खा है।
30 अक्टूबर तक बारिश का सिस्टम मजबूत रहेगा चक्रवाती तूफान मोंथा आंध्रप्रदेश के तट को पार कर रहा है। इसके असर से छग के कई जिलों में हवा की गति 20 से 30 किमी प्रतिघंटा हो सकती है। वहीं तेज बारिश की स्थिति भी बनेगी। मौसम विभाग ने बताया कि यह सिस्टम 30 अक्टूबर तक बना रहेगा। अगले दो दिनों कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की प्रबल संभावना है। इस दौरान तेज गरज.चमक की स्थिति भी निर्मित होगी।


