
Rajnandgaon : राजस्व विभाग की टीम ने जांच की, खरीदी केंद्र में अवैध धान को जब्त…
राजनांदगांव, ग्राम खुटेरी स्थित राजा राईस मिल में प्रशासन की जांच टीम ने रविवार को दबिश दी। यहां फूड, मंडी और राजस्व विभाग की टीम ने जांच की तो पाया कि 21 हजार 200 कट्टा धान अवैध रूप से पड़ा है। मांगे जाने पर किसी प्रकार का कोई दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं कराया गया। प्रशासनिक टीम ने धान को जब्त कर लिया है। बताया गया कि इस सीजन में अवैध रूप से धान रखने वाले राइस मिलर्स और कोचियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। खरीदी के दौरान सोसाइटी से भी धान जब्त किए है।
इधर प्राथमिक कृषि शाखा सहकारी समिति मर्यादित मुड़पार के प्राधिकृत अधिकारी ने रविवार को प्रबंधक हरिराम सिन्हा को पद से मुक्त कर दिया है। प्राधिकृत अधिकारी टामेश्वर साहू ने बताया कि हरिराम के द्वारा खरीदी केंद्र में अनियमितता बरती जा रही थी। प्रशासनिक कारणों से उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। प्रबंधक का पदभार कुश देवांगन को दे दिया गया है। साहू पर राइस मिलर्स के साथ सांठगांठ के भी आरोप है। वहीं कोचियों को भी मदद की जा रही थी, ऐसी सूचना मिली थी।




