
Rajnandgaon : राज्य स्तरीय तेजस्वी युवा शिविर का आयोजन किया…
राजनांदगांव, युवा देश की रीढ़ की हड्डी के समान होते हैं। जितना युवा मजबूत, संयमी और चरित्रवान होगा, उतना ही देश उन्नति और विकास की दिशा में आगे बढ़ेगा। इसी उद्देश्य को लेकर युवा सेवा संघ ने रायपुर के वीआईपी रोड स्थित आश्रम में 8 और 9 नवम्बर को राज्य स्तरीय तेजस्वी युवा शिविर का आयोजन किया। युवा सेवा संघ के राजनांदगांव शाखा के प्रमुख संजय साहू ने बताया कि राजनांदगांव से 100 से अधिक युवा इस शिविर में सम्मिलित हुए और जीवन के हर क्षेत्र में सफलता पाने की कुंजी प्राप्त की। छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों युवा इस शिविर का लाभ लेने पहुंचे।
रायपुर आश्रम के संचालक रामा भाई ने बताया कि यह शिविर युवाओं को तेजस्वी, संयमी और चरित्रवान बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है, ताकि वे हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकें। शिविर में अहमदाबाद आश्रम से आए युवा सेवा संघ प्रमुख संजय अरोरा ने युवाओं को मार्गदर्शन प्रदान किया।
शिविर की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद युवा सेवा संघ का परिचय, उद्देश्य, अनुभव सत्र, जीवन में नियम-निष्ठा का महत्व, युवाधन सुरक्षा सत्र, संगठन को कैसे मजबूत करें, तुलसी पूजन और मातृ-पितृ पूजन प्रशिक्षण जैसे सत्र आयोजित किए गए।
शिविर के दौरान युवाओं को मानसिक, आध्यात्मिक और शारीरिक विकास से संबंधित सत्र भी प्रदान किए गए। साथ ही, संतों और महापुरुषों की जीवनियां दिखाने वाली प्रेरणादायक वीडियो भी प्रदर्शित की गईं, जिससे युवाओं को सशक्त और सकारात्मक जीवन की दिशा मिली।


