
Rajnandgaon : शक्तिपीठ का स्थापना दिवस समारोह धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा…
राजनांदगांव गायत्री मंदिर में शक्तिपीठ का स्थापना दिवस समारोह इस वर्ष 20 और 21 दिसंबर को पूरे धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए मंदिर ट्रस्ट द्वारा तैयारियां की जा रही है। वर्तमान में गायत्री शक्तिपीठ नई साज-सज्जा के साथ दृश्यमान हो रहा है। इसकी खूबसूरती बढ़ाने राजस्थान से आए कारीगरों का युद्ध स्तर पर कार्य जारी है। वातावरण में दो दिन वैदिक मंत्र गुंजायमान रहेंगे। पांच कुंडीय गायत्री महायज्ञ सहित विभिन्न संस्कार संपन्न किए जाएंगे। मंदिर ट्रस्ट द्वारा इसकी तैयारियां कराई जा रही है।
दो दिवसीय अनुष्ठान गुरुदेव एवं वंदनीय माता के सूक्ष्म संरक्षण में होगा। समस्त धर्मनिष्ठ सज्जनों एवं गायत्री परिवार के सदस्यों को आमंत्रित किया है। गायत्री शक्तिपीठ के व्यवस्थापक ओमप्रकाश ने बताया दो दिवसीय कार्यक्रम में आध्यात्मिक ऊर्जा संवर्धन के लिए 20 को सदगुरू की शक्ति को आमंत्रित करने के लिए सुबह 6 से शाम 6 बजे तक 12 घंटे अखंड जाप होगा।
वहीं 21 को वेद माता गायत्री, सावित्री माता एवं कुंडलिनी माता का विशेष 10 स्नान सुबह 6 बजे से होगा। 21 को पांच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ एवं यज्ञोपवीत,पुसवंन, जन्मदिवस नामकरण विभिन्न संस्कार संपन्न किए जाएंगे। 21 को गायत्री शक्तिपीठ निर्माण में सहयोग करने वाले दान दाताओं का सम्मान किया जाएगा। उक्त सम्मान शक्तिपीठ के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी सूर्यकान्त चितलांग्या, निर्माण ट्रस्टी बृजकिशोर सुरजन एवं उप जोन प्रभारी नंदकिशोर सुरजन द्वारा दिया जाएगा। ट्रस्ट समिति द्वारा शक्तिपीठ स्थापना दिवस के वार्षिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को सपरिवार इस दिव्य यज्ञीय ऊर्जा में आहुति प्रदान कर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया गया है।


