Site icon Kadwa Ghut

Rajnandgaon: टूरिस्ट बस हादसे में राजनांदगांव के युवक की मौत, ड्राइवर समेत 3 घायल

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर–रायपुर नेशनल हाईवे 30 पर गुरुवार (18 दिसंबर) की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तिरुपति जा रही एक टूरिस्ट (राम ट्रेवल्स) बस भानपुरी थाना क्षेत्र के तारागांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में राजनांदगांव जिले के एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस चालक समेत तीन यात्री घायल हो गए हैं।

मृतक की पहचान तारकेश्वर साहू (18 वर्ष) के रूप में हुई है, जो राजनांदगांव के चिखली निवासी था और बस में सहायक के रूप में कार्य कर रहा था। हादसा सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, यह टूरिस्ट बस दुर्ग से तिरुपति दर्शन के लिए रवाना हुई थी, जिसमें रायपुर और दुर्ग के करीब 30 से 40 दर्शनार्थी सवार थे। दुर्घटना के बाद बस में फंसे यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

हादसे की सूचना मिलते ही राहगीरों ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची भानपुरी पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जगदलपुर रेफर किया। घायलों में एक महिला भी शामिल है।

वहीं, बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस वाहन से भानपुरी थाना लाया गया है, जहां आगे की व्यवस्था होने तक उनके ठहरने का इंतजाम किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

यह भी पढे़ : Rajnandgaon : दो कार में जबरदस्त टक्कर, कार का हिस्सा क्षतिग्रस्त…

Exit mobile version