
Rajnandgaon: वर्धमान कृषि केंद्र ने दिया धोखा: खराब हार्वेस्टर बेचकर किसान से 3.20 लाख ठगे, थाने में शिकायत
राजनांदगांव। कृषि केंद्र के संचालक द्वारा एक गरीब किसान को खराब हार्वेस्टर बेचकर ठगी करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान की जिंदगी भर की जमा पूंजी अब व्यापारी की जेब में है, जबकि उसके पास न मशीन है, न पैसे और न ही सुकून। इस मामले में किसान ने एसपी कार्यालय में शिकायत की है।
मामला बसंतपुर थाना क्षेत्र का है। पीड़ित किसान दयालू राम साहू ग्राम आतरगांव ने बताया कि नवंबर 2025 में उसने वर्धमान कृषि केंद्र से 26 लाख 50 हजार रुपये कीमत का नया हार्वेस्टर खरीदने का सौदा किया था। व्यापारी श्रेणिक गोलछा ने कहा था कि 3.20 लाख रुपये डाउन पेमेंट करो, बाकी 23 लाख 30 हजार रुपये बैंक से फाइनेंस हो जाएंगे। भरोसे में आकर किसान ने 25,000 रुपये फोनपे से और 5,000 रुपये नकद बाद में 2,90,000 रुपये नकद जमा कर दिए। 7 नवंबर को फाइनेंस के नाम पर दो खाली चेक और अपनी खेती की जमीन के मूल दस्तावेज भी सौंप दिए। लेकिन डिलीवरी के साथ ही धोखा शुरू हो गया। मशीन पहले दिन से ही खराब निकली। बेयरिंग जलने लगे, पत्ता टूटने लगे, बोल्ट बार-बार निकल जाती थी। दयालू राम ने बताया, “15 दिन में 15 बार मिस्त्री बुलाना पड़ा। फसल कटाई का मौसम था, लेकिन मशीन खेत में खड़ी रहती थी। मजदूरी करके दूसरों का हार्वेस्टर किराए पर लेना पड़ा।” वो नुकसान अलग हुआ। परेशान होकर 22 नवंबर 2025 को किसान हार्वेस्टर वापस शोरूम लाकर खड़ा कर दिया और अपनी जमा राशि वापस मांगी। जवाब में श्रेणिक गोलछा ने गाली-गलौज शुरू कर दी और कहा, “जो उखाड़ना है उखाड़ ले, पुलिस भी कुछ नहीं बिगाड़ सकती। जहाँ शिकायत करनी है, कर ले।” इतना ही नहीं, मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के लिए व्यापारी ने किसान के दिए हुए एक खाली चेक पर 23 लाख 30 हजार रुपये भरकर बैंक में जमा कर दिया।
किसान के मुताबिक व्यापारी ने जान से मारने की धमकी भी दी और उसे शोरूम से भगा दिया। आज दयालू राम साहू के पास न हार्वेस्टर है, न 3.20 लाख रुपये। दूसरा खाली चेक भी व्यापारी के पास हैं। किसान ने बताया, “मैंने मजदूरी की, पेट काट-काट कर ये पैसे जोड़े थे ताकि खेती में आसानी हो। अब कर्ज में डूब गया हूँ, रातों की नींद उड़ गई है।”
पीड़ित किसान ने बसंतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है, और पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगा रहा है, उसकी गुहार है कि उसकी गाढ़ी कमाई वापस दिलाई जाए और धोखेबाज व्यापारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।



