छत्तीसगढ़राजनांदगांव जिला

Rajnandgaon: परिवहन विभाग ने किया स्कूली बसों का फिटनेस जांच, दो बसों पर हुई कार्रवाई

राजनांदगांव।
सड़क सुरक्षा माह के तहत परिवहन विभाग द्वारा आज राजनांदगांव में स्कूली बसों का व्यापक फिटनेस एवं सुरक्षा परीक्षण किया गया। यह जांच अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आनंद शर्मा के नेतृत्व में सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार की गई, जिसमें विभिन्न स्कूलों की संचालित 104 स्कूली बसों की जांच की गई।

जांच के दौरान बसों के आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की गई। इसमें परमिट, फिटनेस सर्टिफिकेट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र सहित मानक सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई। परिवहन विभाग द्वारा समय-समय पर सार्वजनिक परिवहन वाहनों की जांच की जाती है, लेकिन स्कूली बसों को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाती है, क्योंकि इनसे बच्चों की सुरक्षा सीधे जुड़ी होती है।

जांच अभियान के दौरान कुछ बसों में खामियां पाई गईं, जिस पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग की टीम ने बताया कि दो स्कूली बसों में प्रदूषण प्रमाण पत्र नहीं पाया गया, जिस पर संबंधित वाहनों पर 4 हजार रुपये का ई-चालान किया गया। इसके अलावा एक वाहन में मानक सुरक्षा व्यवस्था में कमी पाए जाने पर 300 रुपये का ई-चालान किया गया।

जांच के दौरान केवल वाहनों की ही नहीं, बल्कि सभी चालकों और परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण और नेत्र जांच भी कराई गई। परिवहन अधिकारियों ने चालकों को निर्देश दिए कि वे वाहन धीमी गति से चलाएं, यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें और वाहन चलाते समय निर्धारित ड्रेस में ही रहें।

इस संयुक्त जांच अभियान में परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और मेडिकल टीम की अहम भूमिका रही। परिवहन विभाग से पंकज ताम्बोली, सहायक परिवहन उप निरीक्षक मिथलेश कुमार, विपिन मेहर, विजय मट्टे, संतोष बुरदे, यातायात विभाग से उप निरीक्षक अनिल तिवारी, प्रधान आरक्षक रोहित गजेंद्र, आरक्षक कपिल श्रीवास्तव, आरक्षक सुखदेव, वहीं मेडिकल टीम से नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. एन.सी. लांगे, नेत्र सहायक संजीव यादव और चिकित्सा अधिकारी डॉ. गौरव मौजूद रहे।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि इस तरह की जांच आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

यह भी पढे़ : CG Crime News: रिटायर्ड वेटनरी डॉक्टर से 1.28 करोड़ की ठगी, मुंबई क्राइम ब्रांच अफसर बनकर किया डिजिटल अरेस्ट, फिर ऐसे लगाया चूना

https://news.google.com/publications/CAAqKAgKIiJDQklTRXdnTWFnOEtEV3RoWkhkaFoyaDFkQzVqYjIwb0FBUAE?hl=hi&gl=IN&ceid=IN%3Ahi