राजनांदगांव: कलयुगी पुत्र की करतूत, शराब पीकर मां को पीटा, जान से मारने की धमकी
राजनांदगांव/सोमनी। सोमनी थाना क्षेत्र के ग्राम कोपेडीह में एक वृद्ध महिला ने अपने बड़े बेटे पर शराब के नशे में घर पहुंचकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति के साथ ग्राम कोपेडीह में रहती है। उसके तीनों बच्चों की शादी हो चुकी है। छोटा बेटा राजनांदगांव में परिवार सहित रहकर काम करता है, जबकि बड़ा बेटा मकसुदन साहू पहले माता-पिता के साथ रहता था। आरोप है कि वह अक्सर शराब पीकर घर आता था और घरेलू बातों को लेकर विवाद एवं मारपीट करता था। पूर्व में भी उसकी शिकायत सोमनी थाना में की गई थी, जहां पुलिस ने उसे समझाइश दी थी।
महिला के अनुसार, लगातार झगड़े और पारिवारिक माहौल खराब होने के कारण करीब चार माह पहले मकसुदन साहू अपने परिवार के साथ टेडेसरा में किराये के मकान में रहने चला गया था। उसका एक खराब फ्रीज घर में रखा हुआ था, जिसे छोटे बेटे दिनेश्वर साहू ने बनवाकर उपयोग में लेना शुरू कर दिया।
शिकायत के मुताबिक, 9 जून 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे मकसुदन साहू शराब के नशे में घर पहुंचा। उस समय महिला घर पर अकेली थी। फ्रीज के संबंध में पूछताछ के दौरान वह गाली-गलौज करने लगा और छोटे बेटे व बहू को मारने की धमकी देने लगा। विरोध करने पर उसने डंडे से हमला किया तथा महिला की कलाई पकड़कर मरोड़ दी, जिससे हाथ में चोट और सूजन आ गई। घटना में उसकी चूड़ियां भी टूट गईं।
पीड़िता ने घटना की जानकारी अपने पति, छोटे बेटे और बहू को फोन पर दी। महिला की शिकायत पर सोमनी थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।



