
पुलिस केवल सोशल मीडिया तक सीमित, काबिंग गश्त फेल
कांग्रेस नेता निखिल द्विवेदी ने कहा- शहर में बढ़ रही वारदातें
राजनांदगांव। शहर के मुख्य मार्ग महाकाल चौक स्थित गणेश मेडिकल में लगातार दूसरी बार चोरी होना इस बात का प्रमाण है कि शहर में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। यह घटना सीधे तौर पर सरकार की विफलता और पुलिस प्रशासन की नाकामी को उजागर करती है। कुछ दिनों पूर्व इसी जगह खुले आम चाकूबाजी की घटना भी हुई थी ।
कांग्रेस नेता और युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव निखिल द्विवेदी ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार केवल “सुशासन” के खोखले दावे कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि अपराधी बेखौफ हैं और पुलिस केवल काबिंग गश्त के नाम पर दिखावा कर रही है। राजनांदगांव पुलिस की भूमिका अब सुरक्षा एजेंसी से ज्यादा सोशल मीडिया सेल जैसी हो गई है।
द्विवेदी ने कहा कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि राजनांदगांव के विधायक डॉ. रमन सिंह, जो कभी प्रदेश के मुखिया रहे, आज अपने ही विधानसभा क्षेत्र में बार-बार हो रही चोरी और अपराधों बढ़ते चाकूबाजी की घटना पर चुप क्यों हैं?
क्या जनता की सुरक्षा अब उनकी प्राथमिकता नहीं रही? शहर के महापौर मधुसूदन यादव नगर की सड़कों, स्वच्छता और फोटो सेशन तक सीमित हैं। व्यापारियों की सुरक्षा और शहर में बढ़ते अपराध पर उनकी चुप्पी भी बेहद चिंताजनक है।
निखिल ने कहा कि यह कोई पहली चेतावनी नहीं है। इससे पहले भी हमने पुलिस की लापरवाही के विरोध में चूड़ियां भेंट कर प्रशासन को जगाने का प्रयास किया गया था, लेकिन भाजपा सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि चोरी की घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई और अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और स्थायी पुलिस गश्त व्यवस्था लागू नहीं की गई तो आने वाले दिनों में व्यापारी वर्ग और आम जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा सरकार, विधायक और नगर प्रशासन की होगी। उन्होंने कहा कि जनता अब झूठे दावों से नहीं, सुरक्षा से मतलब रखती है।





