
CG : मिशन मोड में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन के निर्देश…
सुकमा । बस्तर संभागायुक्त डोमन सिंह ने बुधवार को सुकमा प्रवास के दौरान कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में जिला प्रशासन को मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुदूर एवं संवेदनशील क्षेत्रों में शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
बैठक में विकास की दौड़ में कोई भी पीछे न छूटे, इस संकल्प के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने, डॉक्टरों की रोस्टर ड्यूटी में सख्ती, एनआरसी के पूर्ण उपयोग तथा मातृ एवं शिशु कल्याण पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया गया। गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण और अस्पतालों में भर्ती माताओं को गुणवत्तापूर्ण गर्म भोजन व अंडा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा नियद नेल्ला नार योजना के तहत सुदूर गांवों में मोतियाबिंद मरीजों की पहचान कर त्वरित उपचार सुनिश्चित करने तथा सेवा एक्सप्रेस के माध्यम से नए समूहों को लोकस पोर्टल से जोड़कर आर्थिक सशक्तिकरण पर चर्चा हुई। संभागायुक्त ने कहा कि योजनाओं को धरातल पर उतारकर लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाना ही प्रशासन का उद्देश्य है। बैठक में कलेक्टर अमित कुमार, जिला सीईओ मुकुन्द ठाकुर सहित समस्त जिलाधिकारी उपस्थित थे।





