
PM मोदी ने राष्ट्रपति मुर्मू से की मुलाकात, क्या मंत्रिमंडल में होने वाला है फेरबदल?
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। राष्ट्रपति भवन की ओर से इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा की गईं। राष्ट्रपति भवन ने पोस्ट करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।
पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू की यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब केंद्रीय मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है। इसी वजह से इस बैठक को अहम माना जा रहा है।

मिली जानकारी अनुसार पहले केरल के वरिष्ठ भाजपा नेता जॉर्ज कुरियन ने राज्यसभा का कार्यकाल समाप्त होने के बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया। कुरियन अल्पसंख्यक मामलों के साथ-साथ मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय में राज्य मंत्री थे।
राष्ट्रपति भवन से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जॉर्ज कुरियन का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। कुरियन के इस्तीफे के बाद मंत्रिमंडल में बदलाव की चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
हालांकि, मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू की मुलाकात को फिलहाल राजनीतिक हलकों में संभावित बदलावों से जोड़कर देखा जा रहा है।



