
Rajnandgaon: ब्लू डायमंड एवं अभिनन्दन गैलेक्सी कॉलोनी के पास प्रीमियम वाइन शॉप के विरोध में ज्ञापन, नेताओं ने दिलाया आश्वासन
राजनांदगाँव. नंदई। नंदई से मोहारा जाने वाले मुख्य मार्ग पर कॉलोनी के पास खुल रही प्रीमियम मदिरा दुकान का ब्लू डायमंड एवं अभिनन्दन गैलेक्सी कॉलोनी के निवासियों ने कड़ा विरोध किया। इस संबंध में कॉलोनीवासियों ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजनांदगाँव विधायक डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पांडेय, बीजेपी जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत और पूर्व सांसद अभिषेक सिंह को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन पर कार्रवाई करते हुए डॉ. रमन सिंह ने आश्वासन दिया कि कॉलोनी के पास प्रीमियम मदिरा दुकान नहीं खोली जाएगी। वहीं बीजेपी जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, जिनका निवास भी इसी क्षेत्र में है, ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आवासीय क्षेत्र में किसी भी कीमत पर मदिरा दुकान नहीं खोली जाएगी।
सांसद संतोष पांडेय ने तुरंत संबंधित अधिकारियों से बात कर विषय को गंभीरता से उठाया और निर्देश दिए कि आवासीय क्षेत्रों के आस-पास शराब दुकान खोलने की अनुमति न दी जाए। पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने अधिकारियों को नक्शा दिखाते हुए समझाया कि यह घनी आबादी वाला क्षेत्र है और यहां कई व्यवस्थित कॉलोनियाँ हैं, इसलिए इस जगह पर प्रीमियम मदिरा दुकान खोलना उचित नहीं है।
ब्लू डायमंड एवं अभिनन्दन गैलेक्सी के निवासियों ने नेताओं के अब तक के सकारात्मक आश्वासन और कार्यवाही पर संतोष जताया और उम्मीद जताई कि भविष्य में भी कॉलोनियों के आसपास शराब दुकानों को अनुमति नहीं दी जाएगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कॉलोनी के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो विरोध और उग्र हो सकता है।






