
CG PHE में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 34 अधिकारियों के तबादले, मुख्य अभियंता निलंबित, 26 अभियंता पदोन्नत
जल जीवन मिशन में तेजी के लिए सरकार की सख्ती, लापरवाही पर कड़ा एक्शन
रायपुर।
राज्य शासन ने जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग की कार्यप्रणाली में कसावट और प्रशासनिक सुधार के उद्देश्य से बड़े स्तर पर फेरबदल किया है। उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव के निर्देश पर राज्य कार्यालय, जल जीवन मिशन मुख्यालय और मैदानी कार्यालयों के 34 अधिकारियों के तबादले एवं जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
मैदानी कार्यों को गति देने के लिए विभाग ने 26 उप अभियंताओं को सहायक अभियंता पद पर पदोन्नत किया है।
मुख्य अभियंता निलंबित, विभागीय जांच के आदेश
जल जीवन मिशन के कार्यों में लापरवाही एवं सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना सामग्री में परिवर्तन के मामले में रायपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता राजेश गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश जारी किए गए हैं। जांच अधिकारी को एक माह में प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
दोहरे प्रभार पर सख्ती, ओएसडी प्रभार समाप्त
मैदानी स्तर पर कसावट लाने के उद्देश्य से अधीक्षण अभियंता संजीव बृजपुरिया को ओएसडी के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। अब वे केवल दुर्ग मंडल के अधीक्षण अभियंता के रूप में कार्य करेंगे।
6 कार्यपालन अभियंता निलंबन से बहाल
विभाग ने कार्यों में लापरवाही और त्रुटिपूर्ण रिपोर्टिंग के चलते निलंबित किए गए 6 कार्यपालन अभियंताओं की बहाली के आदेश भी जारी किए हैं।
इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
- प्रभारी प्रमुख अभियंता ओंकेश चंद्रवंशी को जल जीवन मिशन का अतिरिक्त मिशन संचालक बनाया गया
- मुख्य अभियंता के.के. मरकाम बने रायपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता
- जी.एल. लखेरा बने प्रभारी मुख्य अभियंता, जगदलपुर परिक्षेत्र
- अधीक्षण अभियंता राजेन्द्र कुमार शुक्ला को कोंडागांव मंडल की जिम्मेदारी
- एस.एन. पाण्डेय को प्रमुख अभियंता कार्यालय में अधीक्षण अभियंता पदस्थ
- इसके अलावा 22 कार्यपालन अभियंता और 3 सहायक अभियंताओं के भी तबादले किए गए हैं
उप अभियंता से सहायक अभियंता बने ये अधिकारी
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने 26 उप अभियंताओं (सिविल) को सहायक अभियंता (सिविल) के पद पर पदोन्नत किया है।
इसके साथ ही 7 उप अभियंताओं को परिभ्रमण से मुक्त कर पदोन्नति दी गई है।
Read Also : CG.चावल निर्यातकों को दी बड़ी सौगात, मंडी शुल्क में छूट की अवधि एक साल बढ़ाई गई


