
Rajnandgaon : सहकारी समिति कर्मचारियों के हड़ताल के कारण किसानों को धान बेचने में हुआ विलंब….
खैरागढ़. सहकारी समिति कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण जिले की समितियों में पंजीकृत किसानों को अब तक धान बेचने के लिए टोकन नहीं मिल पाए हैं। शासन ने 10 नवंबर से धान बेचने के लिए टोकन जारी करने के निर्देश दिए थे, लेकिन कर्मचारियों की हड़ताल के कारण यह प्रक्रिया रुक गई है। किसानों को बिना टोकन ही वापस जाना पड़ रहा है, जिससे आगामी 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी को लेकर संशय की स्थिति बन गई है।
जिला सहकारी बैंक अधिकारियों ने बताया कि समिति के कंप्यूटरों में टोकन के नए वर्जन को अपडेट नहीं किया जा सका है, जो हड़ताल के कारण संभव नहीं हो पाया। इस वजह से अब तक कोई भी टोकन जारी नहीं किया गया है। नए वर्जन के बिना टोकन जारी करना संभव नहीं है, जिससे खरीदी में और देरी हो सकती है। इस साल जिले के 51 धान उपार्जन केंद्रों पर 15 नवंबर से खरीदी शुरू होनी है। पिछली बार भी कई समितियों में जगह की कमी और परिवहन व्यवस्था में गड़बड़ी के कारण धान खरीदी कई बार बंद होनी पड़ी थी। अब कर्मचारियों की हड़ताल के कारण खरीदी की प्रारंभिक तैयारियां भी ठप पड़ी हैं।






