
राजनांदगांव : नेशनल हाइवे पर रोड इंजीनियरिंग सुधार करने, बनाई गई कार्य योजना…
राजनांदगांव. नेशनल हाइवे पर दुर्घटनाओं पर रोक लगाने पुलिस और एनएचएआई की टीम ने दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण किया। इन क्षेत्रों में रोड इंजीनियरिंग सुधार के लिए कार्यप्रणाली तैयार की। इस निरीक्षण के तहत एएसपी राहुल देव शर्मा और यातायात प्रभारी नवरतन कश्यप के नेतृत्व में एनएचएआई इंजीनियर हेमंत सहारे और अशोका बिल्डिकॉन की टीम ने विभिन्न दुर्घटनाओं की संभावित वजहों का पता लगाया।
इस निरीक्षण में प्रमुख स्थान झुरानदी पुल चिचोला के पास था। जहां लगातार सड़क दुर्घटनाओं के मामले सामने आ रहे थे। चिचोला के प्रभारी निरीक्षक योगेश पटेल की उपस्थिति में इस क्षेत्र का विशेष रूप से निरीक्षण किया गया। रायपुर-नागपुर रोड और नागपुर-रायपुर रोड पर स्थित मोड़ की स्थिति की समीक्षा की गई, जहां वाहन ओवर स्पीड और ओवर टेकिंग के कारण पिछले कुछ महीनों में तीन गंभीर दुर्घटनाएं हो चुकी थीं।
इन मोड़ों पर रोड इंजीनियरिंग सुधार की आवश्यकता पर चर्चा की गई, जिसमें केट्स आई, लेट-राइट टर्न, ऐरो साइन बोर्ड और हाई मास्ट लाइट लगाने की सिफारिश की गई। निरीक्षण में तुमड़ीबोड़ गुरुद्वारा चौक, कोपेडीह तिराहा और बरगा मोड़ को भी शामिल किया गया। इन क्षेत्रों में भी सड़क सुरक्षा को बढ़ाने के लिए केट्स आई और हाई मास्ट लाइट लगाने के सुझाव दिए गए। पुलिस और एनएचएआई की टीम ने निर्णय लिया है कि आगामी दिनों में जिले के सभी अत्यधिक दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों का निरीक्षण किया जाएगा। संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर रोड इंजीनियरिंग सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।


