
Rajnandgaon: चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार
राजनांदगांव। डोंगरगढ़ थाना पुलिस ने आदर्श चौक के पास धारदार बटनदार चाकू लहराकर लोगों को डराने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से चाकू जब्त कर आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस को 19 सितंबर को सूचना मिली थी कि एक युवक चाकू लहराकर आम जनता को डरा रहा है। तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी श्रेयांस तिवारी (19 वर्ष), निवासी बुधवारी पारा रोड डोंगरगढ़ को रंगे हाथ पकड़ लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी मारपीट सहित अन्य प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
डोंगरगढ़ पुलिस की सख्ती : बदमाशों और असामाजिक तत्वों पर लगातार कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग के निर्देश पर डोंगरगढ़ पुलिस लगातार गश्त कर रही है और संदिग्ध व आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर कड़ी नजर रख रही है। थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार शाह ने कहा कि क्षेत्र की शांति व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी आरोपी पर तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



