Rajnandgaon: सोशल मीडिया पर न्यूड फोटो-वीडियो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की त्वरित कार्रवाई
राजनांदगांव |
सोशल मीडिया के माध्यम से महिला की अश्लील तस्वीरें और वीडियो वायरल करने वाले आरोपी के विरुद्ध चिचोला पुलिस ने त्वरित एवं सख्त कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थिया द्वारा पुलिस चौकी चिचोला, थाना छुरिया, जिला राजनांदगांव में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अलग-अलग मोबाइल नंबरों से उसके न्यूड फोटो एवं वीडियो व्हाट्सएप एवं इंटरनेट के माध्यम से भेजकर सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री आशीष कुंजाम के मार्गदर्शन में पुलिस चौकी चिचोला प्रभारी योगेश पटेल एवं उनकी टीम ने त्वरित विवेचना प्रारंभ की।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान
जनक लाल साहू, पिता रामप्रसाद साहू, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम कोलिहापुरी, थाना छुरिया, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई।
पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके पश्चात उसे विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय डोंगरगढ़ के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से
एक नग पोको मोबाइल फोन एवं दो सिम कार्ड घटना में प्रयुक्त सामग्री के रूप में जब्त किए हैं।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया के दुरुपयोग की किसी भी घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कठोर कार्रवाई की जा सके।
यह भी पढे़ : CG : मखाना खेती से बदलेगी धमतरी की ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक तस्वीर






