
CG : लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के कारण एक युवक गंभीर रूप से घायल…
रायपुर। राजधानी रायपुर के व्यस्त गौरव पथ रोड पर मंगलवार दोपहर लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के कारण एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित युवक जिला न्यायालय, रायपुर में इंटर्नशिप कर रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, धमतरी जिले के ग्राम सेमरा, पोस्ट भखारा निवासी युवक वर्तमान में रायपुर के आमापारा चौक, आजाद चौक थाना के सामने बंटी चंद्राकर के मकान में किराये से रहता है। रोज की तरह वह मंगलवार को भी जिला न्यायालय से मरीन ड्राइव खाना खाने जा रहा था, तभी तेज रफ्तार वाहन चालक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
घटना दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित के अनुसार वह अपनी मोटरसाइकिल हीरो एक्सट्रीम 125R (क्रमांक CG04PW8515) से मरीन ड्राइव की ओर जा रहा था। जैसे ही वह सूर्य नमस्कार स्पॉट के पास गौरव पथ रोड पर पहुँचा, उसी दौरान दो पहिया वाहन क्रमांक CG04MV1365 का चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए आया और अचानक मोड़ काटते हुए उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तीव्र थी कि इंटर्न युवक बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा। इस हादसे में उसे बाएं पैर और दाहिने हाथ में चोट आई है, साथ ही पूरे शरीर में दर्द की शिकायत हो रही है। दुर्घटना में उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
सामने वाला ब्रेक खराब हो गया है। वाहन में कई जगह स्क्रैच आने की जानकारी दी गई है। हादसे की पूरी घटना वहां मौजूद राहगीरों ने भी देखी, जिन्होंने पीड़ित को संभालने में मदद की। घटना के बाद पीड़ित युवक ने मामले की जानकारी अपने सीनियर अविनाश साहू को दी और इसकी रिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आम तौर पर बेहद व्यस्त रहने वाले गौरव पथ रोड पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की शिकायतें पहले भी आती रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां ट्रैफिक मॉनिटरिंग और पुलिस गश्त बढ़ाने की आवश्यकता है ताकि ऐसे हादसों पर रोक लग सके। फिलहाल पीड़ित की चोटों का इलाज जारी है और मामले की शिकायत दर्ज किए जाने की तैयारी की जा रही है। पुलिस वाहन क्रमांक के आधार पर आरोपी चालक की तलाश में जुट सकती है। शहर में बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए लोगों ने प्रशासन से कड़े कदम उठाने की मांग की है।



