
राजनांदगांव : धान खरीदी से पहले सरकार से जवाबदारी स्पष्ट करने की मांग…
सहकारी समिति कर्मचारी संघ की ओर से यह बात रखी गई
राजनांदगांव . धान खरीदी सीजन शुरू होने से पहले ही सहकारी समितियों के कर्मचारी और कंप्यूटर ऑपरेटर आंदोलन की तैयारी में हैं।
छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी संघ के प्रदेश महासचिव ईश्वर श्रीवास ने बताया कि शासन की ओर से इस साल 15 नवंबर से धान खरीदी प्रारंभ की जानी है, परंतु सरकारी अधिकारियों को खरीदी केंद्र प्रभारी बनाए जाने को लेकर कर्मचारियों में असंतोष है।
श्रीवास ने कहा कि सरकार ने अधिकारियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट नहीं की हैं। संघ की मांग है कि अधिकारी की जवाबदारी खरीदी के प्रारंभ से लेकर अंतिम परिवहन तक तय की जाए। तभी संघ शासन के निर्णय का स्वागत करेगा, अन्यथा समिति कर्मचारियों पर जिम्मेदारी थोपे जाने का विरोध किया जाएगा। संघ के अध्यक्ष ने बताया कि नुकसान होने पर कर्मचारियों को परेशान किया जाता है। बीते वर्ष भी कर्मचारियों पर जिम्मेदारी थोप दी गई थी।






