
राजनांदगांव : ज्वेलरी, बर्तन और कपड़ा दुकानों में अच्छी खरीदारी…
राजनांदगांव. पुष्य नक्षत्र के शुभ संयोग में मंगलवार को शहर का बाजार पूरे दिन रौनक से गुलजार रहा। सुबह से ही दुकानों में ग्राहकों की भीड़ नजर आई। सोना-चांदी, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, वाहन, कपड़ा, मोबाइल और फर्नीचर सहित अन्य व्यापारों में अच्छी खरीदी-बिक्री हुई। लोगों ने इस शुभ मुहूर्त में नई चीजें खरीदने को शुभ माना और जमकर खरीदारी की।
दो पहिया व चार पहिया वाहनों की बुकिंग:- वाहन शो-रूमों में भी ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। कई लोगों ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बुकिंग कराई। साथ ही कृषि उपकरणों की भी बुकिंग कराई गई है। इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों में टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन व मोबाइल की भी जोरदार बिक्री हुई। कपड़ा और रेडीमेड बाजार में भी महिलाओं और युवाओं की भीड़ रही। शाम होते-होते सड़कों पर इतनी रौनक रही कि जगह-जगह पार्किंग की दिक्कतें आने लगीं। व्यापारियों के चेहरों पर मुस्कान थी, क्योंकि दिवाली बाजार की ग्राहकी रफ्तार पकड़ चुकी है।
दीपावली तक सिलसिला जारी रहने की उम्मीद
व्यापार मंडल ने बताया कि पुष्य नक्षत्र में आई यह ग्राहकी दीपावली सीजन की मजबूत शुरुआत है। आने वाले दिनों में धनतेरस और दीपावली तक बाजार में खरीदारी का यह सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है।
कुल मिलाकर, मंगलवार को पुष्य नक्षत्र ने राजनांदगांव के बाजार में ‘धनवर्षा’ करा दी। विभिन्न सामानों में जीएसटी में छूट के कारण दामों में गिरावट आई है, जिसका लाभ ग्राहकों को मिल रहा है।






