
राजनांदगांव : ट्रैफिक नियम का उल्लंघन, माहभर में 504 चालकों का चालान काटा…
रेड लाइट जंप, बिना लाइसेंस व क्षमता से अधिक सवारी वालों पर नकेल कसा गया
राजनांदगांव . जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर अब सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। परिवहन और यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई के तहत अक्टूबर महीने में 504 चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया है। यातायात नियमों का पालन नहीं करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में अक्टूबर माह में रेड लाइट जंप, बिना लाइसेंस वाहन चलाने, क्षमता से अधिक सवारी भरने, ओवर स्पीड चलाने और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले 504 वाहन चालकों पर जुर्माना लगाया गया।
जिला परिवहन अधिकारी आनंद शर्मा के मुताबिक अक्टूबर माह में कुल 504 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, जिसमें रेड लाइट जंप करने वाले 120, ओवर स्पीड के 116, क्षमता से अधिक सवारी ढोने वाले 148, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 78,मोबाइल से बात करते हुए वाहन चलाने वाले 29, ओवरलोड परिवहन करने वाले 13 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इस सख्त कार्रवाई से विभाग ने साफ संदेश दिया है कि अब नियमों की अनदेखी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग का कहना है कि यदि वाहन चालकों ने अब भी नियमों का पालन नहीं किया, तो और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




