छत्तीसगढ़बिलासपुर जिला

CG : खड़ी मालगाड़ी से टकराई लोकल ट्रेन, कई डिब्बे पटरी से उतरे…

बिलासपुर । बिलासपुर जिले में मंगलवार सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया। गेवरा रोड से रायपुर की ओर जा रही एक लोकल ट्रेन बिलासपुर आउटर में खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेन के आगे के दो डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में 6 यात्रियों की मौत की खबर है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। 12 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

कैसे हुआ हादसा
यह हादसा चौकसे कॉलेज के पास आउटर लाइन पर हुआ। बताया जा रहा है कि लोकल ट्रेन तेज रफ्तार में गुजर रही थी और उसी ट्रैक पर पहले से खड़ी मालगाड़ी से जा टकराई। टक्कर के साथ ही जोरदार धमाका हुआ और ट्रेन के डिब्बे एक-दूसरे पर चढ़ गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार गूंज उठी।

स्थानीय लोगों ने तुरंत रेलवे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद रेलवे की रेस्क्यू टीम, आरपीएफ और पुलिस बल मौके पर पहुंचा और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

राहत और बचाव अभियान जारी
रेलवे और जिला प्रशासन की टीमों ने फंसे यात्रियों को निकालने के लिए गैस कटर और हाइड्रोलिक उपकरणों का इस्तेमाल किया। घायलों को सिम्स हॉस्पिटल और अपोलो हॉस्पिटल बिलासपुर में भर्ती कराया गया है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मौके पर मेडिकल रिलीफ वैन पहुंच गई है और घायलों को प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है।

हादसे के बाद ठप हुआ रेल संचालन
टक्कर के बाद हावड़ा-बिलासपुर-कटनी रूट पर ट्रेन संचालन पूरी तरह ठप हो गया है। कई ट्रेनों को रद्द या डायवर्ट किया गया है। यात्रियों को रेलवे हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

सिग्नल सिस्टम और वायर को नुकसान
हादसे में ओवरहेड वायर और सिग्नलिंग सिस्टम को भारी क्षति हुई है। तकनीकी टीमें ट्रैक की मरम्मत और बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि सामान्य परिचालन बहाल करने में कई घंटे लग सकते हैं।

प्रारंभिक जांच और संभावित कारण
रेलवे विभाग ने हादसे के कारणों की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर यह माना जा रहा है कि सिग्नल फेल्योर या मानवीय त्रुटि इस दुर्घटना की वजह हो सकती है। रेलवे प्रवक्ता ने कहा है कि दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

lokesh sharma

Lokesh Sharma | Editor Lokesh Sharma is a trained journalist and editor with 10 years of experience in the field of journalism. He holds a BAJMC degree from Digvijay College and a Master of Journalism from Kushabhau Thakre University of Journalism & Mass Communication. He has also served as a Professor in the Journalism Department at Digvijay College. Currently, he writes on Sports, Technology, Jobs, and Politics for kadwaghut.com.