
CG : मेडिकल स्टोर के संचालक खेमराज बानी के घर पर छापेमारी, 50 लाख की दवाइयां बरामद की…
सारंगढ़-बिलाईगढ़ । जिले में दवाओं के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की टीम ने सरस्वती मेडिकल स्टोर के संचालक खेमराज बानी के घर पर छापा मारा। 50 लाख रुपए की एलोपैथिक और आयुर्वेदिक दवाइयां बरामद की गईं। दवाएं नकली हैं कि नहीं जांच की जा रही है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के मुताबिक जब्त की गई दवाइयों की मात्रा करीब 200 कार्टून है, जिन्हें ट्रक में भरकर ले जाया गया। कारोबारी ने इन नकली दवाओं को अपने घर के तीन अलग-अलग कमरों में छिपाकर रखा था। कारोबारी के बेटे के मोबाइल से अहम सुराग मिले हैं।
दरअसल, 16 दिसंबर को रायपुर और रायगढ़ से पहुंचे 4 अधिकारियों की टीम ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ में छापेमारी की थी। उस वक्त सरस्वती मेडिकल स्टोर और संचालक के घर से महज 2 लाख 24 हजार रुपए की दवाओं की जब्ती दिखाई गई। इसी बीच खाद्य एवं औषधि विभाग को पता चला कि उसी समय घर में लाखों रुपए की दवाइयां मौजूद थीं, जिन्हें नजरअंदाज कर दिया गया। इस पर कार्रवाई को लेकर खानापूर्ति और लापरवाही के आरोप लगे।


