CG: दुर्ग में हत्या कर रायपुर में युवती की लाश को लगाया ठिकाना, तीन आरोपी गिरफ्तार, एक आरोपी राजनांदगांव का शामिल….
भिलाई।
दुर्ग में युवती की हत्या कर उसके शव को रायपुर में ठिकाने लगाने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला दिनांक 22.11.2025 का है, जब थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र अंतर्गत अमलीडीह सोलस हाईट्स कॉलोनी के पीछे बिजली ट्रांसफार्मर के पास स्थित एक खाली प्लॉट में एक युवती का शव पड़े होने की सूचना मिली थी।
सूचना पर थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस एवं एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पाया गया कि एक युवती का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा हुआ है। आसपास के लोगों से पूछताछ व तस्दीक के बाद मृतिका की पहचान काशीराम नगर, तेलीबांधा रायपुर निवासी युवती के रूप में की गई। मामले में थाना न्यू राजेन्द्र नगर में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।
पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि
मर्ग जांच के दौरान शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें डॉक्टर द्वारा मृतिका की मृत्यु गला दबाने से दम घुटने के कारण होना बताया गया। इसके बाद अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 268/25 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। मृतिका के परिजनों सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
अंतिम बार आरोपियों के साथ देखी गई थी मृतिका
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मृतिका को अंतिम बार देवार बस्ती तेलीबांधा निवासी शातिर चोर हरीश पटेल और उसके एक साथी के साथ देखा गया था। इसके बाद दोनों आरोपियों की पतासाजी शुरू की गई। जानकारी मिली कि आरोपी फरार हैं और लगातार अपना लोकेशन बदल रहे हैं।
पुलिस टीम को महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के विभिन्न जिलों में रवाना किया गया। इसी दौरान मुख्य आरोपी हरीश पटेल के प्रयागराज में होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने वहां दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में हत्या की पूरी कहानी आई सामने
पूछताछ में आरोपी हरीश पटेल ने बताया कि मृतिका उसकी महिला मित्र थी। 19.11.2025 को उसने मृतिका को मिलने दुर्ग बुलाया था। दुर्ग पहुंचने के बाद वह उसे एक होटल ले गया, जहां दो कमरे बुक कराए गए थे। उसके साथ उसका एक साथी भी मौजूद था।
20.11.2025 को आरोपी और उसके साथी द्वारा मृतिका पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला गया। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और दोनों ने आवेश में आकर गमछे से मृतिका का गला व मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को मोटरसाइकिल के बीच में बैठाकर दुर्ग से रायपुर लाया गया और अमलीडीह क्षेत्र में फेंक दिया गया।
चोरी के 11 मामलों का भी हुआ खुलासा
आरोपी हरीश पटेल से पूछताछ में चोरी की कई घटनाओं का भी खुलासा हुआ। उसने बताया कि वह अपने साथी अरविंद नेताम, उषा राठौर एवं एक अन्य आरोपी के साथ मिलकर रायपुर के थाना विधानसभा, डीडी नगर एवं मुजगहन क्षेत्र में स्थित 11 सूने मकानों में चोरी कर चुका है।
पुलिस ने अरविंद नेताम और उषा राठौर को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से
- 400 ग्राम सोने के जेवरात,
- 3 किलो चांदी के जेवरात,
- 20 हजार रुपये नकद,
- घटना में प्रयुक्त एक्स ड्रीम मोटरसाइकिल
- तथा 4 मोबाइल फोन
जप्त किए गए हैं। जप्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी गई है।
एक आरोपी फरार, तलाश जारी
प्रकरण में एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्य आरोपी हरीश पटेल पूर्व में भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी-
- हरीश पटेल देवार पिता गणेश पटेल उम्र 23 साल निवासी सुभाष नगर देवार बस्ती थाना तेलीबांधा रायपुर।
- अरविंद नेताम पिता रज्जू नेताम उम्र 26 साल निवासी दंतेश्वरी पारा वार्ड नंबर 02 थाना डोंगरगढ़ जिला राजनांदगांव।
- उषा राठौर पिता चुन्नी लाल राठौर उम्र 28 साल निवासी जी केबिन स्टेशन चौक चरौदा भिलाई जिला दुर्ग






