
नववर्ष 2026 पर राजनांदगांव में ‘zero incident – zero accident’, पुलिस की सख़्त व्यवस्था रही कारगर
राजनांदगांव। नववर्ष 2026 का आयोजन राजनांदगांव जिले में पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और अनुशासित माहौल में संपन्न हुआ। राजनांदगांव पुलिस की व्यापक, सख़्त और तकनीक आधारित सुरक्षा व्यवस्था के चलते जिले में “ज़ीरो घटना – ज़ीरो दुर्घटना” का लक्ष्य पूरी तरह साकार हुआ। पुलिस की सतत निगरानी, सघन चेकिंग और प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयों से किसी भी अप्रिय स्थिति को पहले ही नियंत्रित कर लिया गया।
यह भी पढे़ : Rajnandgaon: रायपुर नाका में अज्ञात चोरों ने सूने मकान को बनाया निशाना
600 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात, ड्रोन व नाकाबंदी से कड़ी निगरानी
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में जिले को विभिन्न सेक्टरों में बांटकर राजपत्रित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में सुरक्षा प्रबंधन लागू किया गया। नववर्ष के दौरान 9 राजपत्रित अधिकारी, 20 निरीक्षक सहित लगभग 600 पुलिस अधिकारी–कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात रहे। राष्ट्रीय राजमार्ग को चार सेक्टरों में विभाजित कर 60 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम लगाई गई। जिले में 8 नाकाबंदी पॉइंट्स और 16 अतिरिक्त फिक्स्ड चेकिंग पॉइंट्स बनाए गए, जबकि मंगटा क्षेत्र में 24 घंटे मोबाइल चेक पोस्ट स्थापित कर विशेष निगरानी रखी गई।

यह भी पढे़ : Rajnandgaon: सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी, सोना-चांदी और 5 हजार नकद ले उड़े चोर
संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों, पर्यटन व सार्वजनिक स्थलों पर ड्रोन कैमरों और आधुनिक तकनीक से निगरानी की गई। होटल, ढाबा और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध शराब सेवन, हुड़दंग और असामाजिक गतिविधियों पर सख़्त कार्रवाई हुई। चिन्हांकित गुंडा-बदमाशों और आदतन अपराधियों पर भी लगातार नजर रखी गई।
यातायात नियमों पर सख़्ती, 123 प्रकरण दर्ज
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए 60 पुलिसकर्मियों की विशेष यातायात टीम तैनात की गई। 31 दिसंबर को मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 123 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें शराब पीकर वाहन चलाने के 10 मामले शामिल हैं। ओवरस्पीडिंग, ब्लैक शीट और अन्य उल्लंघनों पर कड़ी कार्रवाई की गई। ब्लैक स्पॉट्स पर विशेष निगरानी और जनजागरूकता अभियान चलाए गए।
आपात सेवाएं, हेल्पलाइन और पर्यटन स्थलों पर विशेष व्यवस्था
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 50 पुलिसकर्मियों को सीपीआर और फर्स्ट-एड का प्रशिक्षण दिया गया। 25 प्राथमिक उपचार किट पेट्रोलिंग वाहनों को उपलब्ध कराई गईं। 1 जनवरी को मंदिरों, बांधों, पिकनिक स्पॉट्स और पर्यटन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। डोंगरगढ़ मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु अतिरिक्त पुलिस सहायता केंद्र बनाया गया। नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 9479246435 और कंट्रोल रूम नंबर 9479192199 पूरी तरह सक्रिय रहे।
यह भी पढे़ : Rajnandgaon: बिजली तार हटवाने के विवाद में छात्रा और मां को जान से मारने की धमकी
पुलिस–पब्लिक सहभागिता, अनुशासित पुलिसिंग और आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग से नववर्ष 2026 राजनांदगांव जिले में सुरक्षित और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। पुलिस ने भविष्य में भी शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई है।
यह भी पढे़ : Rajnandgaon: जिला अस्पताल चौक के पास ठेले पर शराब पीने की सुविधा देने वाला आरोपी गिरफ्तार




