DPR छत्तीसगढ समाचारछत्तीसगढ़रायपुर जिला

छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता- मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा – बस्तर में शांति, विश्वास और विकास का स्थायी सूर्योदय सुनिश्चित

रायपुर, 3 जनवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि विश्वास, विकास और सुरक्षा ही बस्तर की नई पहचान बन रही है, जहाँ अब हिंसा नहीं बल्कि शांति एकमात्र विकल्प है। उन्होंने बताया कि बस्तर रेंज के बीजापुर और सुकमा जिलों में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए नक्सल विरोधी अभियानों में निर्णायक सफलता मिली है, जिसमें 14 माओवादियों को न्यूट्रलाइज़ किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा बलों की सटीक रणनीति, सतत दबाव और मजबूत जमीनी पकड़ के चलते माओवादी नेटवर्क तेज़ी से कमजोर हो रहा है। इसके परिणामस्वरूप बस्तर अब विकास, निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसरों की ओर बढ़ रहा है।

उन्होंने इस परिवर्तन का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व, सुरक्षा बलों की अदम्य वीरता, संवेदनशील पुनर्वास नीति और बस्तर की जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने अभियान में शामिल सभी जवानों के शौर्य को नमन करते हुए उन्हें बधाई दी। साथ ही उन्होंने अपील की कि जो लोग अब भी हिंसा का रास्ता चुन रहे हैं, वे आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा से जुड़ें, सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाएँ और सम्मानपूर्वक जीवनयापन करें। अन्यथा राज्य शासन और सुरक्षा बल कानून व संविधान के अनुरूप अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए पूरी तरह सक्षम और प्रतिबद्ध हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद की अंधेरी रात अब अंतिम चरण में है और बस्तर में शांति, विश्वास और विकास का स्थायी सूर्योदय सुनिश्चित है।

Related Articles

Back to top button