छत्तीसगढ़कोरबा जिला

CG : होली, ईद एवं गुड फ्राइडे को शांति और सौहार्दपूर्वक मनाने की अपील…

जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न

कोरबा । कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सभी समुदायों से अपील की गई कि वे होली, ईद और गुड फ्राइडे जैसे अपने पर्व-त्यौहारों को आपसी मेल-मिलाप, सद्भाव और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। जिला प्रशासन की ओर से यह आश्वासन दिया गया कि त्यौहारों के दौरान आवश्यक सहयोग लगातार प्रदान किया जाएगा। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, एसडीएम कोरबा सरोज महिलांगे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, विभिन्न समाजों के पदाधिकारी, समिति के सदस्य तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक में त्योहारों को सुरक्षित तरीके से मनाने हेतु अनेक महत्वपूर्ण सुझाव एवं निर्देश दिए गए। होली के दौरान रासायनिक रंगों एवं मुखोटों के विक्रय तथा उपयोग पर रोक लगाने और लोगों को हर्बल रंगों के प्रयोग हेतु प्रेरित करने का आग्रह किया गया। यह भी अनुरोध किया गया कि कोई भी व्यक्ति किसी अन्य पर अनावश्यक रूप से रंग न लगाए ताकि सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहे। शांति समिति के सदस्यों ने होली त्योहार को मिल-जुलकर, भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया। अपर कलेक्टर पटेल ने कहा कि यह पर्व आपसी प्रेम और भाईचारे को बढ़ावा देता है, इसलिए सभी नागरिकों को प्रशासन के साथ सहयोग करते हुए शांतिपूर्वक एवं सुरक्षित तरीके से इस पर्व को मनाना चाहिए।

होलिका दहन को लेकर भी विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि होलिका दहन केवल सुरक्षित और खुले स्थानों पर ही किया जाए। इलेक्ट्रिक तारों के नीचे, ट्रांसफार्मर के पास तथा तंग गलियों जैसे जोखिमपूर्ण स्थानों पर होलिका दहन न करने की हिदायत दी गई ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में फायर ब्रिगेड वाहन की पहुँच सुनिश्चित हो सके। होली के दिन शहर के मुख्य मार्गों पर सड़क किनारे दुकानें न लगाने का अनुरोध किया गया ताकि अनावश्यक जाम की स्थितियाँ उत्पन्न न हों। पुलिस विभाग को लगातार पेट्रोलिंग करने, दमकल एवं एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह सतर्क एवं तैयार रखने तथा भीड़भाड़ और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाने के निर्देश दिए गए। होली के अवसर पर तालाबों और नदियों में नशे की हालत में गहराई वाले स्थानों में नहीं उतरने तथा स्नान स्थलों पर गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने की सलाह भी दी गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बैठक में जानकारी दी कि होली के दौरान शराब पीकर उपद्रव करने, हुल्लड़बाजी करने, जबरदस्ती रंग लगाने, मुखौटा पहनकर हुटिंग करने, ओवरस्पीडिंग और ट्रिपल राइडिंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि गुंडे-बदमाशों पर निगरानी एवं कार्रवाई लगातार जारी है ताकि जिले में शांति व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने ट्रक मालिकों से अपने ट्रकों को सुरक्षित पार्किंग के निर्देश दिये ताकि अनावश्यक दुर्घटना न हो। एसडीएम सरोज महिलांगे ने कानून व्यवस्था बनाये रखने और सभी धर्म के पर्व का सम्मान करते हुए शांति व्यवस्था बनाये रखने की अपील की। प्रशासन ने यह स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को जबरदस्ती रंग लगाने या किसी प्रकार की दबंगई करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी नागरिकों से सहयोगात्मक रवैया अपनाने, एक-दूसरे का सम्मान करने और पर्व को सद्भावपूर्वक मनाने की अपील की गई।

रमज़ान माह को ध्यान में रखते हुए मस्जिदों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा क्रिश्चियन समाज के गुड फ्राइडे पर्व के मद्देनजर चर्चों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए, ताकि कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। नगर निगम को होली के दिन शहर में पानी की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक में पास्टर नानजी भाई पटेल, आर. के. मसीह, जामा मस्जिद के शब्बीर अहमद, हाजी एहलाक खान, प्रेस क्लब अध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल, वरिष्ठ पत्रकार रवि पी. सिंह, जुम्मन खान रिजवी, अफजल रहमान, गुलाम शेरवानी, चेतन राठौर, सीएमएचओ डॉ. एन. एन. केशरी, जनसंपर्क अधिकारी कमलज्योति, आबकारी विभाग से डॉ. राकेश राठौर, विद्युत विभाग (सिटी) के ईई रोशनलाल वर्मा, होमगार्ड तथा नगर निगम के अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

https://news.google.com/publications/CAAqKAgKIiJDQklTRXdnTWFnOEtEV3RoWkhkaFoyaDFkQzVqYjIwb0FBUAE?hl=hi&gl=IN&ceid=IN%3Ahi

lokesh sharma

Lokesh Sharma | Editor Lokesh Sharma is a trained journalist and editor with 10 years of experience in the field of journalism. He holds a BAJMC degree from Digvijay College and a Master of Journalism from Kushabhau Thakre University of Journalism & Mass Communication. He has also served as a Professor in the Journalism Department at Digvijay College. Currently, he writes on Sports, Technology, Jobs, and Politics for kadwaghut.com.