राजनांदगांव : बोर्ड ने वापस मंगवाई हिन्दी विषय की उत्तर पुस्तिकाएं…
राजनांदगांव , माशिमं द्वारा आयोजित की गई 12वीं बोर्ड में हिन्दी विषय का प्रश्न पत्र लीक होने और सोशल मीडिया में वायरल होने की सूचना के बाद इस परीक्षा को कैंसिल कर दिया गया है। शिक्षा सचिव ने 10 अप्रैल को दोबारा 12वीं बोर्ड में हिन्दी विषय की परीक्षा आयोजित करने निर्देश जारी किए है। इसके बाद शिक्षा विभाग इसकी तैयारी में जुट गया है। पहले आयोजित हिन्दी विषय की कॉपियों का बोर्ड द्वारा वापस मंगाया गया है। अब 10 अप्रैल को होने वाली हिन्दी की उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन किया जाएगा।
विद्यार्थियों को अगली हिन्दी की परीक्षा में मिलने वाले अंक उनकी अंकसूची में दर्ज होंगे। मूल्यांकन के बाद समरी रिपोर्ट बोर्ड को भेजी जाएगी और नतीजे जारी किए जाएंगे। लेकिन प्रश्न पत्र लीक होने के चलते दोबारा हिन्दी की परीक्षा ली जाएगी फिर मूल्यांकन किया जाएगा। ऐसे में नतीजे आने में विलंब हो सकता है। शिक्षा विभाग ने 10 अप्रेल को होने वाली एकमात्र हिन्दी विषय की परीक्षा का टाइम टेबल जारी किया है। सुबह 9 बजे से 12:15 बजे तक यह परीक्षा होगी। आगामी दिनों में उत्तर पुस्तिका और प्रश्न पत्रों गोपनीयता के साथ वितरण होगा।
अब वापस भेजेंगे कॉपियां नहीं हो पाएगा मूल्यांकन जिले के एकमात्र मूल्यांकन केन्द्र में 25 मार्च से दूसरे चरण में अन्य जिलों से पहुंची हिन्दी विषय की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू होना था। लेकिन बोर्ड द्वारा इसकी कॉपी को वापस भेजने निर्देशित करने पर इस विषय का मूल्यांकन नहीं किए। बोर्ड के कर्मचारी प्रदेशभर के मूल्यांकन केन्द्रों से हिन्दी की कॉपियों को ले जाएंगे। यहां पहले चरण में कक्षा 10वीं बोर्ड की 44500 व 12वीं 17336 कुल 61 हजार में 90% कॉपियों का मूल्यांकन हो चुका है। दूसरे चरण में पहुंची 25 हजार कॉपियों का मूल्यांकन होना है।





