CG : पुलिया निर्माण की मांग को लेकर नेशनल हाइवे 130 में चक्काजाम, प्रशासन के हाथ-पांव फुले …
गरियाबंद. मैनपुर ब्लॉक के अमाड़ पंचायत के सैंकड़ों ग्रामीणों ने मंगलवार को पुलिया निर्माण की मांग को लेकर नेशनल हाइवे-130 पर चक्काजाम कर दिया है. भारी संख्या में आश्रित ग्रामों की महिलाएं और स्कूली बच्चे जुगाड़ के पास पहुंचकर चक्का जाम कर अनिश्चितकालीन प्रदर्शन कर रहे हैं. उनका कहना है कि पुल निर्माण के नाम पर पुराने रपटे को तोड़ दिया गया, जिससे आने वाले मानसून सीजन में ग्रामीणों की आवाजाही पर गंभीर असर पड़ सकता है. मांग की थी कि बारिश के पूर्व उनके मार्ग में तोड़े गए पुल को आवाजाही लायक ही बना दिया जाए, ताकि रोजमार्रा के काम और स्कूली बच्चों को आने-जाने में परेशानी ना हो, लेकिन सुस्त प्रशाशन ने पहल नहीं की. इससे पहले 30 मार्च को ग्रामीणों ने कलेक्टोरेट पहुंचकर अपनी समस्या से अवगत कराया था.
इस नेशनल हाइवे पर बैठे ग्रामीणों के अनिश्चितकालीन प्रदर्शन की सूचना कलेक्टर को 15 दिन पूर्व दी गई थी. बड़ी संख्या में स्कूल ड्रेस में बच्चे और महिलाएं हाथों में तख्तियां लेकर शामिल हुईं हैं. अनिश्चितकालीन प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम और लोकेश्वरी नेताम का कहना है कि प्रशासन आदिवासी अंचल के साथ सौतेला व्यवहार कर रहा है. उनका कहना है कि बारिश के दौरान स्कूली बच्चों और प्रसूताओं को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ेगा.

