CG : शादी के दौरान हादसा, बिजली का खंभा गिरने से 6 साल के बच्चे की मौत …
बलरामपुर। जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। मंडप तैयार करने के दौरान बिजली का खंभा गिरने से 6 साल के एक बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, ग्राम खोखनिया निवासी मनोहर के घर विवाह कार्यक्रम आयोजित था। शादी की तैयारियों के तहत मंडप बनाया जा रहा था। इसी दौरान एक लकड़ी का खूंटा पास में लगे बिजली के खंभे के सहारे टिकाया गया था। बताया जा रहा है कि इसी कारण खंभा असंतुलित हो गया और अचानक गिर पड़ा। घटना के समय खंभे के पास ही खेल रहा तुषार, जो ग्राम चौरा निवासी मैनेजर का बेटा था, उसकी चपेट में आ गया। खंभा गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं।
बच्चे के सिर में गहरी चोट लगी और उसका पैर भी टूट गया। घटना के तुरंत बाद परिजन उसे इलाज के लिए अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर बताते हुए उसे रायपुर रेफर कर दिया। बताया गया कि रायपुर ले जाते समय रास्ते में ही बच्चे ने दम तोड़ दिया। इसके बाद शव को अंबिकापुर लाकर पोस्टमार्टम कराया गया और फिर परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना के बाद परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बिजली का खंभा ठेकेदार द्वारा सही तरीके से नहीं लगाया गया था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामले को दर्ज कर लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जाएगी और जो भी जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है और शादी का कार्यक्रम भी प्रभावित हुआ है।

