राजनांदगांव : 2 घंटे पहले आना होगा, साधारण कपड़ों में, सिर्फ पेन लेकर…
राजनांदगांव , छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड के अंतर्गत उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 26 अप्रैल को होगी। परीक्षा को लेकर शुक्रवार को परीक्षा प्रेक्षकों और उड़नदस्ता टीम को प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें नकल रोकने और व्यवस्था बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए गए।
परीक्षा के लिए कुल 99 केंद्र बनाए गए हैं। जहां 24 हजार 185 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12:15 बजे तक चलेगी। लेकिन अभ्यर्थियों को करीब दो घंटे पहले ही केंद्र पहुंचना होगा। जारी गाइडलाइन के मुताबिक सुबह 9.30 बजे के बाद केंद्रों में अभ्यर्थियों की एंट्री बंद कर दी जाएगी। इसके बाद किसी भी स्थिति में गेट नहीं खोला जाएगा। इसके अलावा केंद्रों में हल्के रंंग के साधारण कपड़ों के साथ ही प्रवेश दिया जाएगा। वहीं अभ्यर्थी अपने साथ परीक्षा केंद्र में सिर्फ पेन लेकर ही दाखिल हो सकेंगे। इधर भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों में कूलिंग के लिए अतिरिक्त व्यवस्था भी की जा रही है। ताकि अभ्यर्थियों को समस्या का सामना न करना पड़े। कई परीक्षा केंद्रों में वर्तमान में पंखे कूलर की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। जिसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।
प्रवेश पत्र व फोटो पहचान पत्र से ही एंट्री दी जाएगी जारी निर्देश के मुताबिक अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र व मान्य फोटो पहचान पत्र साथ लाने के लिए कहा गया है। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों सहित किसी भी प्रकार की लिखित सामग्री पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगी। अनुचित साधनों का प्रयोग पाए जाने पर संबंधित अभ्यर्थियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं पेयजल की भी भरपूर व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।परीक्षा देने वाले अर्भ्यथियों को कोई परेशानी न हो।



