CG : दुर्ग में आरक्षक की पत्नी-बेटे की हत्या, बेटी ने बाथरूम में छुपकर बचाई जान…
दुर्ग । दुर्ग जिले में एक बेहद सनसनीखेज और दर्दनाक घटना सामने आई है। स्मृति नगर थाना क्षेत्र की STF कॉलोनी में आरक्षक के परिवार पर हुए हमले में उसकी पत्नी और 9 वर्षीय बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज ने आरक्षक की पत्नी और बेटे पर चाकू से 10 से 12 वार किए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हमले के दौरान घर में मौजूद आरक्षक की एक बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। वहीं दूसरी बेटी ने बाथरूम में छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
अवैध संबंध और रंजिश का मामला
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरक्षक नितेश यादव और आरोपी सरोजनी भारद्वाज के बीच कथित अवैध संबंध थे। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला एक दिन पहले भी घर आई थी, जिसे समझाकर वापस भेज दिया गया था। इसी रंजिश के चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।



