राजनांदगांव : सना सिटी में बढ़ा पेयजल संकट, पार्षद के साथ महापौर यादव से मिले रहवासी …
राजनांदगांव l वार्ड क्रमांक 45 अंतर्गत सना सिटी गली नंबर 2 में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या को लेकर क्षेत्रवासियों ने वार्ड पार्षद दुरेंद्र साहू के नेतृत्व में नगर निगम महापौर मधुसूदन यादव से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया। नागरिकों ने बताया कि पानी की अनियमित आपूर्ति और पर्याप्त जल उपलब्ध नहीं होने के कारण रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। बढ़ती आबादी के चलते मौजूदा व्यवस्था नाकाफी साबित हो रही है। पार्षद दुरेंद्र साहू ने महापौर के समक्ष क्षेत्र की स्थिति रखते हुए कहा कि पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने सना सिटी गली नंबर 2 में जल्द इंटर कनेक्शन कार्य कर स्थायी समाधान की मांग की।
समस्या को गंभीरता से लेते हुए महापौर मधुसूदन यादव ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश देते हुए इंटर कनेक्शन कार्य शीघ्र शुरू करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है और पेयजल जैसी सुविधा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महापौर के आश्वासन के बाद क्षेत्रवासियों ने त्वरित पहल के लिए उनका और पार्षद का आभार जताया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



