छत्तीसगढ़दुर्ग जिला

CG: वाशिंग पाउडर फैक्ट्री की आड़ में चल रहा था अवैध गुटखा कारोबार, 12 हिरासत में…

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में वाशिंग पाउडर निर्माण की आड़ में संचालित हो रहे एक बड़े अवैध जर्दा गुटखा नेटवर्क का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। अंडा थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की संयुक्त टीम ने ग्राम कुथरेल में तड़के छापेमारी कर दो अवैध गुटखा निर्माण यूनिटों को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान मुख्य संचालक वीरेंद्र तिवारी सहित 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है। मौके पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम भी पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां बड़े पैमाने पर जर्दायुक्त ‘सितार’ गुटखा का निर्माण और पैकेजिंग का काम चल रहा था। जांच में पता चला कि उक्त परिसर असलम खान का है, जिसे भिलाई निवासी वीरेंद्र तिवारी ने करीब एक माह पहले वाशिंग पाउडर निर्माण के नाम पर एग्रीमेंट के जरिए लिया था। लेकिन परिसर के भीतर प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद तैयार कर विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई किए जा रहे थे।

मुख्य आरोपी वीरेंद्र तिवारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान पुलिस को एक अन्य अवैध यूनिट के संचालन की जानकारी भी मिली। इसके बाद पुलिस ने दूसरे ठिकाने पर भी दबिश देकर कार्रवाई की। दोनों यूनिटों से भारी मात्रा में कच्चा माल, तैयार गुटखा, पैकेजिंग सामग्री और उत्पादन में उपयोग होने वाली मशीनें बरामद की गई हैं।

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके से गुटखा और जर्दा के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेज दिए। अधिकारियों के अनुसार प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद उत्पादों में इस्तेमाल की गई सामग्री और उनकी गुणवत्ता का खुलासा होगा। साथ ही जब्त किए गए माल की कुल मात्रा और बाजार मूल्य का आकलन भी किया जा रहा है।

अंडा पुलिस मामले में हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, तंबाकू नियंत्रण कानून समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

एसडीओपी दुर्ग अनूप लकड़ा ने बताया कि पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में बड़े स्तर पर अवैध गुटखा निर्माण और सप्लाई की बात सामने आई है। पुलिस इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है और आने वाले दिनों में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

Read Also: Rajnandgaon: रात में लौटते वक्त हादसा: बछड़े से टकराकर पेड़ में जा घुसी बाइक, युवक की मौत

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
ऐप पर पढ़ें