उत्तर प्रदेशराज्‍य

मुहर्रम पर शांति, कोई भी व्यक्ति खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन या सड़कों पर गुंडागर्दी नहीं कर सकता: सीएम योगी

उत्सव में उपद्रव करने वाला सात पीढ़ियों तक भुगतेगा: सीएम योगी

सीएम योगी ने रुद्रपुर व बरहज की 456 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 106 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण/शिलान्यास 

मुहर्रम पर शांति, कोई भी व्यक्ति खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन या सड़कों पर गुंडागर्दी नहीं कर सकता: सीएम योगी

बरहज को मिलेगा इनलैंड वाटरवे का लाभ, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाएंगे स्थानीय उत्पाद: सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का उदाहरण देकर कहा- हमने डकैती रोकी, इसीलिए छटपटाहट रही सपा

सीएम योगी ने 10 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र व सहायता राशि के चेक देकर सम्मानित किया

देवरिया, 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी में उत्सव के माहौल में कोई उपद्रव नहीं कर सकता। अगर कोई ऐसा करेगा तो सात पीढ़ियों तक भुगतेगा। आज मुहर्रम पर शांति है। कोई खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन या सड़क पर गुंडागर्दी नहीं कर सकता। 2017 में सरकार बनने के साथ ही अपराध, माफिया व अराजक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई। जो भी अपराध करेगा, माफिया गतिविधियों में शामिल होगा या जन आस्था के साथ खिलवाड़ करेगा,  जीरो टॉलरेंस के तहत ही कार्रवाई की जाएगी। कानून व्यवस्था मजबूत होने से प्रदेश में निवेश का वातावरण बना है और तेजी से उद्योग स्थापित हो रहे हैं। सपा व कांग्रेस के शासनकाल में उत्तर प्रदेश माफियाओं व दंगों के लिए बदनाम था। याद करें 2016 में यहीं मदनपुर थाने को लूट लिया गया था, आग लगा दी गई थी।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को देवरिया के रुद्रपुर व बरहज विधानसभा क्षेत्र की 456 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 106 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास करने के उपरांत जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के 10 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र व सहायता राशि के चेक भी वितरित किए। सीएम ने देवरिया की धरती को नमन करते हुए कहा कि उन्हें रुद्रपुर व बरहज विधानसभा के मध्य स्थित उस पवित्र भूमि पर आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है, जिसे बाबा दुखहरणनाथ, बाबा महेंद्रनाथ, महर्षि देवरहा बाबा और बाबा राघवदास जैसी महान विभूतियों का आशीर्वाद प्राप्त है। यह भूमि आध्यात्मिक व  सांस्कृतिक विरासत को संजोए हुए है। 

डबल इंजन सरकार ने बदली देवरिया की तस्वीर
सीएम योगी ने कहा कि एक समय ऐसा था जब देवरिया के लोग एक पुल और एक सड़क के लिए वर्षों तक इंतजार करते थे, लेकिन आज प्रदेश में विकास की गति पूरी तरह बदल चुकी है। पडरौना, कसया, पथरदेवा, देवरिया, सोनूघाट, बरहज, दोहरीघाट को वाराणसी व गोरखपुर मार्ग से जोड़ने वाली सड़कें पूर्व-पश्चिम कनेक्टिविटी को मजबूत कर रही हैं। वहीं हाटा, गौरीबाजार व कौड़ीराम तक फोरलेन सड़कें उत्तर-दक्षिण कनेक्टिविटी को नई दिशा देगी। बेहतर सड़कें व इन्फ्रास्ट्रक्चर और मजबूत कनेक्टिविटी किसी भी क्षेत्र के विकास की सबसे बड़ी आधारशिला होती हैं।

युवा शक्ति उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पास दुनिया की सबसे बड़ी युवा शक्ति है और सरकार इसी शक्ति को कौशल, रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने का काम कर रही है। अब तक 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है, जबकि परंपरागत उद्योगों और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से 3 करोड़ लोगों को रोजगार और आजीविका के साधन उपलब्ध कराए गए हैं। प्रदेश का युवा प्रतिभाशाली है। वह बड़ी से बड़ी चुनौती को अवसर में बदल सकता है।

सुरक्षा के माहौल से बढ़ा निवेश और रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था और सुरक्षा के कारण देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर सहित पूरे पूर्वांचल में निवेश बढ़ रहा है। नए उद्योग लग रहे हैं और स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल रहा है। जो नौजवान पहले नौकरी के लिए मुंबई, सूरत और कोलकाता पलायन करते थे, आज वे अपने ही प्रदेश में रोजगार प्राप्त कर रहे हैं। सरकार ने निवेश आधारित योजनाओं के माध्यम से 65 लाख युवाओं को रोजगार से जोड़ा है। किसानों के हित में सरकार लगातार काम कर रही है। आधुनिक कृषि तकनीक, सिंचाई सुविधाओं और कृषि शिक्षा के विस्तार से प्रदेश में कृषि उत्पादन तेजी से बढ़ा है। कई खाद्यान्नों के उत्पादन में उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर पहुंच चुका है।

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर आड़े हाथ लिया सपा को
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासनकाल में नौकरियों के नाम पर भ्रष्टाचार होता था। चाचा-भतीजा की जोड़ी और पूरा परिवार वसूली में लगा रहता था। आज सभी सरकारी भर्तियां पूरी पारदर्शिता और योग्यता के आधार पर की जा रही हैं। देवरिया सहित प्रदेश के हजारों युवाओं को बिना किसी सिफारिश या रिश्वत के सरकारी नौकरी मिली है। सपा ने 2016 में बिना जमीन उपलब्ध कराए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का 15,800 करोड़ रुपये का टेंडर जारी कर दिया था। भाजपा सरकार बनने के बाद पहले जमीन का अधिग्रहण कराया गया और फिर नई प्रक्रिया के तहत टेंडर कराया गया। तकनीकी व वित्तीय प्रक्रिया को सरल बनाकर यही एक्सप्रेसवे लगभग 11,200 करोड़ रुपये में बनवाया गया, जिससे लगभग 4 हजार करोड़ रुपये की बचत हुई। यह बचत सपा की डकैती रोकने का परिणाम है। इसीलिए सपा को बुरा लग रहा है, वह छटपटा रही है।

भ्रष्टाचार व अव्यवस्था दी आम आदमी पार्टी ने
सीएम योगी ने कहा कि दिल्ली के एक सज्जन आज अयोध्या पहुंचे हैं। दिल्ली की जनता ने उन्हें कई वर्षों तक अवसर दिया, लेकिन उसे भ्रष्टाचार व अव्यवस्था के अलावा कुछ नहीं मिला। अयोध्या में डबल इंजन सरकार ने महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, निषादराज यात्री विश्रामालय, माता शबरी रसोई, फोरलेन सड़कें और विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की हैं। यदि आम आदमी पार्टी यही न्याय दिल्ली के साथ करती तो राजधानी की तस्वीर भी बदल जाती।

बरहज को मिलेगा इनलैंड वाटरवे का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि बरहज कभी इस क्षेत्र का प्रमुख व्यापारिक केंद्र था और भविष्य में इनलैंड वाटरवे परियोजना का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। यहां से किसानों की सब्जियां, फल, मिलेट्स, फूल और अन्य कृषि उत्पाद जलमार्ग के माध्यम से राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाए जाएंगे। राप्ती व घाघरा नदी की बाढ़ से राहत दिलाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। गांवों की सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 6.18 लाख गरीब परिवारों को नए आवास स्वीकृत किए गए हैं। सरकार हर गरीब को पक्का घर, शौचालय, आयुष्मान कार्ड और मुफ्त राशन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

सीएम युवा उद्यमी योजना से आत्मनिर्भरता
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा उद्यमी योजना के तहत युवाओं को 5 लाख रुपये तक का ब्याज व गारंटी मुक्त ऋण दिया जा रहा है। उन्होंने दो लाभार्थियों का जिक्र करते हुए कहा कि आज का युवा नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनना चाहता है। सरकार उसके सपनों को साकार करने के लिए हरसंभव सहायता दे रही है। लोगों से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने की अपील करते हुए सीएम ने कहा कि रूफटॉप सोलर लगाने से बिजली का बिल काफी कम होगा और लोगों को स्वच्छ ऊर्जा भी मिलेगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश कभी इंसेफेलाइटिस से प्रभावित क्षेत्र था, लेकिन सरकार के प्रयासों से इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण लगा है। अब बच्चे सुरक्षित हैं और बेटियां सम्मान के साथ स्कूल जा रही हैं। सरकार शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे।

ग्राम प्रधानों व जनप्रतिनिधियों को दी जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रधानों, विधायकों और सांसदों से अपील की कि वे सुनिश्चित करें कि कोई गरीब भूखा न रहे, कोई निराश्रित महिला पेंशन से वंचित न रहे और हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। सरकार के पास संसाधनों की कमी नहीं है। डबल इंजन सरकार गरीब, किसान, नौजवान, महिलाओं और व्यापारियों की सुरक्षा एवं समृद्धि के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

10 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र व सहायता राशि के चेक
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने संगीता देवी, गुड़िया यादव,प्रमोद प्रसाद, हरी लाल, अरविन्द तिवारी,अखिलेश कुमार सिंह,नरेंद्र कुमार मद्धेशिया, मंजू मिश्रा,रामेश त्रिपाठी व जीतेंद्र बहादुर सिंह को प्रमाण पत्र व सहायता राशि के चेक देकर सम्मानित भी किया।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान, मंत्री सूर्य प्रताप शाही, दयाशंकर सिंह, विजय लक्ष्मी गौतम, देवरिया के सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, विधायक जयप्रकाश निषाद, दीपक मिश्र 'शाका', डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी, सुरेंद्र चौरसिया, सभाकुंवर कुशवाहा, विधान परिषद सदस्य डॉ. रतन पाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद्र तिवारी, भाजपा उपाध्यक्ष कामेश्वर सिंह, जिलाध्यक्ष काली प्रसाद, पूर्व सांसद रविंद्र कुशवाहा आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
ऐप पर पढ़ें