– फसल विविधीकरण के लिए किसानों को किया गया प्रोत्साहित – किसानों को लाखड़ी एवं सरसों बीज का किया गया वितरण
राजनांदगांव । राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम पार्रीखुर्द में फसल चक्र परिवर्तन एवं जल स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मेें किसानों को फसल चक्र एवं धान की बदले कम पानी में उगने वाली फसलों मक्का, सरसों सहित अन्य फसलों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गयी। पॉपकॉर्न कंपनी के प्रतिनिधि द्वारा मक्का (पॉपकॉर्न ) के लाभ एवं कंपनी द्वारा दी जानी सुविधाएं के सन्दर्भ में भी बताया गया।
राजनांदगांव : ग्राम पार्रीखुर्द में फसल चक्र परिवर्तन एवं जल स्वच्छता कार्यक्रम संपन्न
कृषि विभाग द्वारा फसल चक्र परिवर्तन अपनाने वाले किसानों को लाखड़ी एवं सरसों बीज का वितरण किया गया। इस अवसर पर सरपंच, उपसरपंच, पंच, जनपद पंचायत सीईओ मनीष साहू, एडीईओ जनपद पंचायत बलबीर सिंह, एआरईओ कृषि यूजवेन्द्र कटरे, सब इंजीनियर जन संसाधन आरएस नेताम, तकनीकी सहायक सुरभि शुक्ला, सचिव पटवारी, कृषि व जल संसाधन विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
राजनांदगांव : सुरक्षा के प्रति जागरूकता हेतु सीएनजी मॉक ड्रिल संपन्न
राजनांदगांव । मैसर्स अडानी टोटल गैस लिमिटेड द्वारा बीपीसीएल गिल गुड्स कैरियर्स सोमनी में सीएनजी मॉक ड्रिक का आयोजन किया गया।
मॉक ड्रिक का उद्देश्य गैस आपूर्ति के दौरान आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारी एवं कर्मचारियों को सतर्कता के प्रति जागरूक करना था। मॉक ड्रिल में जिला प्रशासन की टीम, जिला फायर टीम एवं अडानी टोटल गैस लिमिटेड के अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता रही।
मॉक ड्रिल के दौरान वास्तविक परिस्थितियों की तरह आपात स्थिति का प्रदर्शन किया गया तथा टीम द्वारा त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की गई। इस दौरान बताया गया कि किसी भी आकस्मिक स्थिति में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर मॉक ड्रिलस का आयोजन किया जाता है। वर्तमान में जिले के मुख्य नगर क्षेत्र में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) की आपूर्ति प्रारंभ हो चुकी है और शीघ्र ही यह सुविधा घरों तक पाइपलाइन के माध्यम से (पीएनजी) के रूप में पहुंचाई जाएगी।
इस दौरान डिप्टी कलेक्टर विश्वास कुमार, अडानी टोटल गैस लिमिटिड के अधिकारी सतीश यादव, विनय कुमार, वीरेन्द्र यादव उपस्थित थे।
– प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से प्रतिमाह 1500 रूपए बिजली का बिल हुआ शून्य – सरंपच अजय योजना से लाभान्वित होने के बाद ग्रामीणों को कर रहे प्रोत्साहित – शासन से 1 लाख 8 हजार रूपए की मिली सब्सिडी
राजनांदगांव । प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की चमक ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से डोंगरगांव विकसखंड के ग्राम खुज्जी के सरपंच अजय कुमार पंसारी का घर जगमग हो रहा है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से प्रभावित होकर अजय कुमार पंसारी ने अपने घर में 3 किलोवॉट का रूफटॉप सोलर पेनल लगवाया है। जिससे उनका बिजली का बिल शून्य हो गया है। प्रतिमाह बिजली बिल से मुक्ति मिली है। उन्होंने बताया कि घर में बिजली के उपयोग के आधार पर पहले प्रतिमाह 1200 से 1500 रूपए बिजली का बिल आता था। अब यह बिजली बिल शून्य हो गया है। विद्युत विभाग द्वारा बताया कि रूपटॉप सोलर प्लांट लगाने से पूरी तरह से बिजली का बिल शून्य हो जाएगा और अतिरिक्त बिजली का उपार्जन होने पर राज्य शासन द्वारा उसकी राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि वे स्वयं के घर में रूफटॉप सोलर प्लांट लगाकर लोगों को प्रोत्साहित कर रहे है। इससे बिजली का बिल शून्य हो गया है। उन्होंने बताया कि इस महती योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में बार-बार बिजली बंद होने की समस्या से निजात मिली है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी अभियान चलाकर लोगों को दे रहे हैं। उनके प्रोत्साहन से ग्रामीणों ने अपने घरों में रूफटॉप सोलर प्लांट लगवाया है। सरपंच अजय ने बताया कि केन्द्र शासन की प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत उन्होंने अपने घर में 3 किलोवॉट का रूफटॉप सोलर पेनल लगवाया है। जिसकी कुल लागत 2 लाख रूपए है। इस योजना का लाभ लेने के लिए केन्द्र सरकार द्वारा 78 हजार रूपए तथा राज्य शासन द्वारा 30 हजार रूपए की सब्सिडी मिली है। इस प्रकार कुल 1 लाख 8 हजार रूपए की सब्सिडी मिली है। शेष राशि के लिए बैंक फायनेंस की सुविधा मिली है। बैंक फायनेंस बहुत ही आसान किस्तों में हुआ है। अजय ने योजना से लाभान्वित होने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद ज्ञापित किया।
– लगभग 2 लाख 35 हजार रूपए का हुआ मुनाफा – उद्यानिकी फसलों में शासन की कृषिहितैषी योजनाओं के कारण जिले के किसानों का बढ़ा रूझान – यहां का टमाटर कोरबा, कोलकाता, उत्तर प्रदेश भेजा रहा – शासन द्वारा पॉली हाऊस के लिए 17 लाख रूपए एवं पैक हाऊस के लिए 2 लाख रूपए का मिला अनुदान – सब्जियों की खेती से धान की तुलना में तीन से चार गुना अधिक हो रही आमदनी
राजनांदगांव : टमाटर के भरपूर उत्पादन से किसान सुरेश सिन्हा को मिला बहुत फायदा
राजनांदगांव । प्रगतिशील किसान आधुनिक पद्धति से खेती किसानी का लाभ ले रहे हैं। शासन की कृषिहितैषी योजनाओं के कारण तथा असीम संभावनाओं को देखते हुए जिले के किसानों का रूझान टमाटर एवं अन्य उद्यानिकी फसलों में बढ़ा है। राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम गातापारखुर्द के किसान सुरेश सिन्हा को टमाटर की खेती से बहुत फायदा मिला है। किसान सुरेश सिन्हा के जीवन में समृद्धि आयी है। किसान सुरेश सिन्हा ने बताया कि उन्होंने पॉली हाऊस में टमाटर की माल्या वैरायटी की फसल लगायी है, जिसकी अच्छी कीमत मिल रही है।
700 से 800 रूपए की कीमत के हिसाब से बाजार में इसकी बिक्री हो रही है। मार्केट में टमाटर की बहुत डिमांड है। यहां का टमाटर कोरबा, कोलकाता, उत्तर प्रदेश, ओडिशा सहित स्थानीय स्तर पर भी भेजा जा रहा है। जिससे लगभग 2 लाख 35 हजार रूपए का फायदा हुआ है। उन्होंने कहा कि अनुकुल जलवायु, मिट्टी, खाद एवं देखरेख से टमाटर की बेहतरीन फसल हुई और टमाटर के पौधों को स्टिक सपोर्ट दिया गया है। उन्होंने कहा कि पाली हाऊस में उचित तापमान पर मल्चिंग विधि से टमाटर की खेती करने से लाभ मिला है।
राष्ट्रीय बागवानी मिशन अंतर्गत संरक्षित खेती के तहत पॉली हाऊस के लिए उन्हें 17 लाख रूपए शासन की ओर से अनुदान मिला है। पॉली हाऊस की कुल लागत 34 लाख रूपए रही। सब्जी स्टोरेज के पैक हाऊस के लिए शासन द्वारा 2 लाख रूपए का अनुदान प्राप्त हुआ है। दवाई के छिड़काव के लिए स्ट्रिप मशीन के लिए सरकार से 50 प्रतिशत अनुदान प्राप्त हुआ हंै। उनके पास 15 एकड़ जमीन है। जिसमें 8 एकड़ में धान तथा 7 एकड़ में सब्जी की फसल ले रहे है। इस वर्ष लौकी का उत्पादन बहुत अच्छा रहा। लगभग 1.5 एकड़ में 35 टन लौकी का उत्पादन हुआ। जिससे 50 प्रतिशत की शुद्ध आमदनी हुई। उन्होंने बताया कि पॉली हाऊस में टमाटर के साथ खाली जगह में मिश्रित खेती के रूप में फूलगोभी, नवलगोल, प्याज, मूली की भी सब्जी लगायी है। किसान सुरेश सिन्हा ने कहा कि धान के बदले सब्जी की खेती से बहुत लाभ मिल रहा है। इसमें कम पानी और अच्छा उत्पादन हो जाता है। एक वर्ष में तीन से चार सब्जी की फसल ले सकते है। वही धान की तुलना में तीन से चार गुना अधिक आमदनी होती है। उन्होंने बताया कि उद्यानिकी विभाग से तकनीकी जानकारी एवं अन्य मार्गदर्शन निरंतर प्राप्त हो रहा है। किसान सुरेश सिन्हा ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ लेकर जीवन में परिवर्तन आया है और उन्नति हुई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को शासन की योजनाओं के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
राजनांदगांव । राज्य से बाहर अध्ययनरत राजनांदगांव जिले के निवासी विद्यार्थी तथा राजनांदगांव जिले में संचालित शासकीय, अशासकीय महाविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, कृषि, उद्यानिकी फॉर्मेसी संस्थाओं में अध्ययनरत अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों हेतु वर्ष 2025-26 में नवीन एवं नवीनीकरण के विद्यार्थियों को ऑनलाईन पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 नवम्बर 2025 निर्धारित की गई है। पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु पात्र विद्यार्थी निर्धारित तिथि तक आवेदन प्रस्तुत कर सकते है।
राजनांदगांव । देश के पहले उप प्रधानमंत्री भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर जिला मुख्यालय में यूनिटी मार्च का आयोजन किया गया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कार्यक्रम अंतर्गत जन समुदाय को नशा मुक्त भारत का संकल्प दिलाया।
राजनांदगांव : विधानसभा अध्यक्ष ने जनसमुदाय को दिलाया नशा मुक्त भारत का संकल्प
इस अवसर पर सांसद संतोष पाण्डेय, महापौर मधुसूदन यादव, अध्यक्ष जिला पंचायत किरण वैष्णव, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, जनसमुदाय उपस्थित थे।
राजनांदगांव । देश के पहले उप प्रधानमंत्री भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आज जिला मुख्यालय में आयोजित यूनिटी मार्च में शामिल हुए। जिला मुख्यालय में यूनिटी मार्च अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम से प्रारंभ होकर गुरूद्वारा चौक में समापन किया गया। इस दौरान सांसद संतोष पाण्डेय, महापौर मधुसूदन यादव विशेष रूप से उपस्थित थे।
राजनांदगांव : यूनिटी मार्च में स्काउट-गाइड रोवर रेंजर्स की रही सक्रिय सहभागिता
यूनिटी मार्च में स्थानीय विद्यालयों के स्काउट गाइड रोवर रेंजर्स की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर राज्य उपाध्यक्ष भारत स्काउट्स एवं गाइड्स राजेन्द्र गोलछा, जिला संगठन आयुक्त स्काउट मयूख श्रीवास्तव, जिला संगठन आयुक्त गाइड भारती रजक, कामिनी मानिकपुरी, खिलावन साहू, अर्चना नेताम, प्रवीण साव सहित शाला प्रभारी शामिल हुए।
– आगामी जनवरी माह में अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता के आयोजन की तैयारी करने के दिए निर्देश – जिले में 637 लाख रूपए की लागत से 4 लेन 800 मीटर सिथेटिंक एथलेटिक ट्रेक का किया जाएगा निर्माण – जिले के विभिन्न संघ के प्रतिनिधियों से खेल गतिविधियों के संबंध में की गई चर्चा – विधानसभा अध्यक्ष ने खेल गतिविधियों की समीक्षा बैठक ली
राजनांदगांव । विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में खेल गतिविधियों की समीक्षा बैठक ली। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि जिले में खेल अधोसंरचना को मजबूत बनाने के लिए विशेष तौर पर कार्य किए जा रहे है। हॉकी एवं झांकी राजनांदगांव का गौरव है। महंत राजा सर्वेश्वरदास स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन आगामी जनवरी माह में अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम राजनांदगांव में कराएंगे। उन्होंने अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता के आयोजन के लिए आवश्यक अनुमति एवं सहमति की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम या दिग्विजय स्टेडियम में होगा। इसके संबंध में निर्धारित समय में होने वाली तैयारी के दृष्टिगत निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दिग्विजय स्टेडियम में विद्युतीकरण सहित अन्य प्रस्ताव केन्द्र एवं राज्य स्तर पर विचाराधीन है, उन पर कार्य करते हुए बेहतर कार्य करेंगे। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने जिले के विभिन्न संघ के प्रतिनिधियों से खेल गतिविधियों तथा अधोसंरचना को मजबूत करने के संबंध में चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्राप्त अतिरिक्ति सुझाव के संबंध में भी विचार किया जाएगा।
महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि दिग्विजय स्टेडियम में विद्युतीकरण कार्य के लिए 6 करोड़ रूपए का प्रस्ताव लंबित है तथा अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम राजनांदगांव में एस्ट्रोटर्फ रिप्लेस्मेंट कार्य के लिए 9 करोड़ 20 लाख रूपए की राशि प्रशासकीय स्वीकृति हेतु लंबित है। की गई चर्चा के अनुरूप इस दिशा में हरसंभव कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि खेल के आयोजन के लिए मैदान की वैकल्पिक व्यवस्था के लिए दो मैदानों का चयन किया गया है। जिले में खेल विभाग, राजगामी संपदा, स्वेच्छा अनुदान के माध्यम से अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि खेलो इंडिया लघु सेंटर अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम राजनांदगांव में 35 बालक व 35 बालिका हॉकी खिलाड़ी प्रतिदिन प्रशिक्षण प्राप्त करते है। हॉकी नेशनल लेवल टूर्नामेंट 5 से 15 जनवरी 2026 तक प्रस्तावित किया गया है। स्टेट स्कूल मैदान राजनांदगांव में प्रतिदिन 18 बालक एवं 20 बालिका व्हॉलीबॉल खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे है। अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम राजनांदगांव में 12 बालक एवं 14 बालिका तीरंदाजी खिलाड़ी प्रतिदिन प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे है। दिग्विजय स्टेडियम में बैंडमिंटन का 3 कोर्ट उपलब्ध है। जिसका नियमित अभ्यास हेतु उपयोग में लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में 637 लाख रूपए की लागत से 4 लेन 800 मीटर सिथेटिंक एथलेटिक ट्रेक का निर्माण किया जाना है। उन्होंने दिग्विजय स्टेडियम में मल्टीजीम रिपेरिंग कार्य, डी ब्लॉक में हाल निर्माण, बैडमेंटन कोर्ट में सिंथेटिक फ्लोर निर्माण कार्य सहित अन्य कार्यों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने जिले में खेल संभावनाओं के अंतर्गत बैडमिंटन एकेडमी, बाक्स क्रिकेट, स्कैटिंग रिंग का निर्माण, नवीन इंडोर स्टेडियम के निर्माण के संबंध में चर्चा की। कलेक्टर ने कहा कि जिले में बॉलीबाल एवं तीरंदाजी खेल की अच्छी संभावना है। इसके लिए विशेषज्ञ खिलाडिय़ों से प्रशिक्षण प्रदान किया जा सकता है। इस अवसर पर कोमल सिंह राजपूत, सचिन बघेल, रमेश पटेल, संतोष अग्रवाल, सौरभ कोठारी, रमेश डाकलिया, फिरोज अंसारी, भावेश बैद, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा, मृणाल चौबे, दिग्विजय स्टेडियम समिति के सदस्यगण, अन्य जनप्रतिनिधि एवं खिलाड़ी, कोच, विभिन्न खेल संघ के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिकगण उपस्थित थे।
– हॉकी प्रतियोगिता आयोजन की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश राजनांदगांव । विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आज आगामी मंहत राजा सर्वेश्वरदास स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन एवं अन्य खेल प्रतियोगिता के आयोजनों की तैयारियों को लेकर दिग्विजय स्टेडियम का अवलोकन किया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने दिग्विजय स्टेडियम में अभ्यास कर रहे खिलाडिय़ों, कोच से मैदान और सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।
राजनांदगांव : विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मंहत राजा सर्वेश्वरदास स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता के आयोजन की तैयारियों को लेकर दिग्विजय स्टेडियम का किया अवलोकन
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने आगामी हॉकी एवं अन्य खेल आयोजनों के लिए मैदान तैयार करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने दिग्विजय स्टेडियम परिसर में खिलाडिय़ों को मिलने वाली सुविधाओं और आगामी मंहत राजा सर्वेश्वरदास स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता के आयोजन की तैयारी के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर महापौर मधुसूदन यादव, कोमल सिंह राजपूत, सचिन बघेल, रमेश पटेल, संतोष अग्रवाल, सौरभ कोठारी, रमेश डाकलिया, फिरोज अंसारी, भावेश बैद, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा, मृणाल चौबे, दिग्विजय स्टेडियम समिति के सदस्यगण, अन्य जनप्रतिनिधि एवं खिलाड़ी, कोच एवं गणमान्य नागरिकगण उपस्थित थे।
– विधानसभा अध्यक्ष ने आदर्श कृषि उपज मंडी समिति राजनांदगांव के अनाज एवं फल सब्जी मंडी में 1 करोड़ 33 लाख 36 हजार रूपए की लागत की बीटी रोड डामरीकरण कार्य का किया भूमिपूजन राजनांदगांव । विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आज आदर्श कृषि उपज मंडी समिति राजनांदगांव के अनाज एवं फल सब्जी मंडी में 1 करोड़ 33 लाख 36 हजार रूपए की लागत की बीटी रोड डामरीकरण कार्य का भूमिपूजन किया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बताया कि आदर्श कृषि उपज मंडी में 6 करोड़ 49 लाख रूपए की लागत से निर्माण कार्य जारी है। इससे जिले के किसान, व्यापारी और नागरिक लाभान्वित होंगे। उन्होंने मंडी प्रांगण में सभी निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
राजनांदगांव : कृषि उपज मंडी का प्रांगण राजनांदगांव के विकास की पूंजी : विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह ने बताया कि आदर्श कृषि उपज मंडी में इसे भी पढ़े : वर्षभर दोनों सीजन में धान खरीदी की जाती है और यहां सब्जी की भी मंडी है। प्रदेश में सर्वाधिक धान खरीदी में राजनांदगांव आदर्श कृषि मंडी की महत्वपूर्ण भागीदारी रहती है। यह एक आदर्श कृषि उपज मंडी के रूप में है। इस मंडी में किसानों और व्यापारियों के लिए विश्राम गृह, मॉल, कपड़ा, राशन सहित सभी आवश्यकता वाली वस्तुएं बिक्री के लिए उपलब्ध है। वही मंडी प्रांगण में ट्रेक्टर से लेकर सभी प्रकार के कृषि उपकरण बिक्री के लिए उपलब्ध है। यह पूरे छत्तीसगढ़ राज्य के लिए अच्छा उदाहरण है। जहां आने के बाद किसानों और व्यापारियों के लिए सभी आवश्यक वस्तुएं एक साथ उपलब्ध हैं। कृषि उपज मंडी का प्रांगण राजनांदगांव के विकास की पूंजी है। यहां आर्थिक रूप में बड़ा कार्य होता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में राजनांदगांव आदर्श रूप में उदाहरण बनेगा। उन्होंने कृषि उपज मंडी में चल रहे कार्यों को निर्धारित समय में और गुणवत्तापूर्ण तरीके से करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में किसी तरह का समझौता नहीं होनी चाहिए।
सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि कृषि उपज मंडी में आने के बाद किसान लाभान्वित होते हैं। किसानों के उद्देश्य की पूर्ति मंडी के अधिकारी-कर्मचारी करते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के लाभ के लिए मंडी में सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि सड़क का भूमि पूजन हुआ है, इसे अच्छी गुणवत्ता के साथ निर्माण करने कहा। कार्यक्रम को पूर्व उपाध्यक्ष कृषि उपज मंडी समिति कोमल सिंह राजपूत ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर महापौर मधुसूदन यादव, अध्यक्ष जिला पंचायत किरण वैष्णव, अध्यक्ष जनपद पंचायत प्रतिमा चंद्राकर, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल नीलू शर्मा, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल योगेशदत्त मिश्रा, कोमल सिंह राजपूत, खूबचंद पारख, विनोद खांडेकर, रामजी भारती, सचिन बघेल, रमेश पटेल, संतोष अग्रवाल, गीता साहू, सुरेश एच लाल, सौरभ कोठारी, भावेश बैद, कलेक्टर जितेन्द्र यादव, कृषि उपज मंडी के अधिकारी-कर्मचारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, किसान एवं नागरिकगण उपस्थित थे।
– 6वें राष्ट्रीय जल पुरस्कार में देश के ईस्ट जोन के बेस्ट डिस्ट्रिक्ट के रूप में सम्मानित होने जा रहा राजनांदगांव – जल संरक्षण एवं जनभागीदारी के क्षेत्र में बना आदर्श मॉडल
राजनांदगांव । जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार द्वारा 11 नवम्बर 2025 को आयोजित पुरस्कारों की घोषणा कार्यक्रम में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने छठवें राष्ट्रीय जल पुरस्कार 2024 के विजेताओं की घोषणा की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य के राजनांदगांव जिले को देश के ईस्ट जोन में बेस्ट डिस्ट्रिक्ट श्रेणी में प्रथम पुरस्कार हेतु चयनित किया गया है। यह सम्मान जिले में जल संरक्षण, संवर्धन तथा जनभागीदारी आधारित सतत कार्यों के लिए 18 नवम्बर 2025 को देश की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु द्वारा प्रदान किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इस पुरस्कार में देशभर के विभिन्न जिलों के नामांकन के बाद सेन्ट्रल ग्राउण्ड वॉटर बोर्ड, सेन्ट्रल वॉटर कमिशन एवं विभिन्न दलों के निरीक्षण व विस्तृत अवलोकन के उपरांत छत्तीसगढ़ राज्य ही नहीं अपितु पूरे देश के ईस्ट जोन के पांच राज्यों के समस्त जिलों में से बेस्ट डिस्ट्रिक्ट श्रेणी में प्रथम पुरस्कार के रूप में यह खिताब राजनांदगांव जिले को प्रदान किया जा रहा है। विगत वर्ष केंद्रीय भू-जल मंत्री द्वारा राजनांदगांव जिले का दौरा कर जिले में चल रहे इस अभियान के प्रयासों के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए देश विभिन्न मंचों में राजनांदगांव जिले की प्रशंसा भी की गई थी।
राजनांदगांव : सामुदायिक प्रयासों का रहा बेहतरीन परिणाम : संस्कारधानी को मिल रहा बेस्ट डिस्ट्रिक्ट का सम्मान
जनभागीदारी आधारित यह अभियान जल संरक्षण की दिशा में सफल पहल राजनांदगांव जिले में जल संरक्षण एवं प्रबंधन के कार्यों को शासन-प्रशासन के साथ-साथ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पंचायतों, महिला स्वसहायता समूहों, उद्योगपतियों, विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से मिशन के रूप में सघन अभियान चलाया गया। गांवों से लेकर शहरों तक नागरिकों ने जल ही जीवन है और जल है तो कल है के संदेश को आत्मसात करते हुए मिशन जल रक्षा को एक जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया है। किसानों द्वारा फसल चक्र परिवर्तन, वर्षा जल संचयन एवं भू-जल पुनर्भरण के कार्यों से जिले में जल स्तर में सुधार हेतु निरन्तर प्रयास किये जा रहे हैं। केंद्रीय भू-जल बोर्ड की 2021-22 की रिपोर्ट में जिले के तीन ब्लॉकों को सेमी-क्रिटिकल जोन के रूप में चिन्हित किया गया था। सेमीक्रिटिकल जोन का अर्थ पानी के विषय में 70 प्रतिशत से अधिक पानी का उपयोग करने वाले क्षेत्र इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए मिशन जल रक्षा के व्यापक प्रयासों के साथ जिले ने यह अभियान प्रारंभ किया था, अब यह पूरे देश में मॉडल के रूप में जाना जाने लगा है। इस योजना में जिले की प्राथमिकता है कि पहले तो हम पानी के तेजी से घटते जल स्तर की गति को धीमा कर सके फिर उसे एक स्तर पर स्थिर कर सके तत्पश्चात् अत्यधिक जल दोहन को रोककर इस प्राकृतिक बहुमूल्य धरोहर को संधारित कर सके। इसके लिए अनिवार्य है कि प्रत्येक नागरिक आज से ही अपने आसपास के क्षेत्र में होने वाले जल दोहन को ध्यान में रख कर कम से कम भू-जल का उपयोग करें एवं कम से कम पानी उपयोग वाली फसलों को बढ़ावा दें।
महिला समूहों ने नीर और नारी जल यात्रा जैसे अभियानों के माध्यम से जल संरक्षण के लिए व्यापक जनजागरूकता के लिए कार्य किया गया। जिसमें जिले की पद्मश्री फूलबासन बाई यादव का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने जिले के गांव-गांव में जाकर महिलाओं को एकजुट कर जल यात्राओं के माध्यम से मुहिम को बल प्रदान किया। जिले के समस्त विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने रैलियों, पौधारोपण विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को जल संरक्षण हेतु प्रेरित किया। मिशन जल रक्षा – सतत विकास की दिशा में अभिनव पहल के रूप में उभर कर आने लगा पानी के तेजी से घटते जल स्तर की इस चुनौती को प्रयासों में बदलते हुए जिले में जीआईएस आधारित तकनीकी योजनाओं, रिचार्ज संरचनाओं, रिचार्ज सॉफ्ट, बोरवेल सह इंजक्शनवेल, परकोलेशन टैंक, फार्म पॉन्ड और तालाबों के पुर्नजीवन जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी गई। मिशन के अंतर्गत भू- जल दोहन नियंत्रण, वर्षा जल संग्रहण तथा सामुदायिक प्रयासों को जल संरक्षण की प्रमुख रणनीति के रूप में अपनाया गया।
सामुदायिक प्रयासों से मिली राष्ट्रीय पहचान
राजनांदगांव जिले को प्राप्त होने वाला यह राष्ट्रीय सम्मान, जिले के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। साझा प्रयासों से जल बचाओ, भविष्य बनाओ की भावना को व्यवहार में उतारते हुए जिले ने यह साबित किया है कि जनभागीदारी से किसी भी संसाधन का संरक्षण संभव है। साथ ही साथ 18 नवंबर 2025 को ही नई दिल्ली में आयोजित इस कार्यक्रम में राजनांदगांव जिले को एक अन्य जल संचय से जनभागीदारी के क्षेत्र में भी सम्मानित किया जाना है। राजनांदगांव की यह उपलब्धियां अब पूरे देश के सामने आदर्श मॉडल के रूप में स्थापित हो रही है। यह सम्मान न केवल जिले की उपलब्धियों का प्रतीक है, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के लिए सतत जल प्रबंधन और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश भी देता है।
– सरदार वल्लभ भाई पटेल ने देश को एकता के सूत्र में आबद्ध करने का किया महत्वपूर्ण कार्य – देश के पहले उप प्रधानमंत्री भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम से यूनिटी मार्च का किया गया आयोजन – जज्बे एवं उत्साह के साथ निकाली गई रैली राजनांदगांव । देश के पहले उप प्रधानमंत्री भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम से यूनिटी मार्च का आयोजन किया गया। देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहाद्र्र के लिए सरदार वल्लभ भाई पटेल की स्मृति में जज्बे एवं उत्साह के साथ जनप्रतिनिधियों, युवाओं एवं नागरिकों की रैली अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम से गौरवपथ से होते हुए स्वामी विवेकानंद चौक, डॉ. भीमराव अम्बेडकर चौक होते हुए गुरूद्वारा में समाप्त हुई। भारत माता की जय, सरदार पटेल अमर रहे, वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ ढोल-मंजीरे की मंगल ध्वनि से रैली निकाली गई। यूनिटी मार्च के समापन कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आजादी के बाद देश को एकता के सूत्र में आबद्ध करने का महत्वपूर्ण कार्य लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने किया।
राजनांदगांव : सरदार वल्लभ भाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से किया देश की रियासतों का एकीकरण : विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह
सरदार पटेल के अवदानों को स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि आजादी के पहले 565 रियासतें थी, जिसकी अलग-अलग ध्वज और पहचान थी। अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से सरदार पटेल ने देश के रियासतों का एकीकरण किया। आने वाली पीढ़ी के लिए उनका जीवन एवं आदर्श प्रेरणादायक एवं मार्गदर्शी है। उन्होंने सामाजिक सौहार्द्र तथा देश की एकता व अखंडता को मजबूती प्रदान की है। सरदार पटेल का यह संदेश कि हम एक है, तो देश का विकास है, जन-जन तक पहुंचे। विधानसभा अध्यक्ष ने सभी को आत्मनिर्भर भारत तथा नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाई।
सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने देश के एकीकरण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने जूनागढ़, हैदराबाद सहित विभिन्न रियासतों का भारत में एकीकरण किया। लौह पुरूष सरदार पटेल का जीवन संघर्षों में बीता। उन्होंने देश की आजादी की लड़ाई में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। सरदार पटेल ने आत्मनिर्भर भारत, एक भारत श्रेष्ठ भारत का नारा दिया। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव की धरती सरदार पटेल के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित कर रही है। आने वाली पीढ़ी के लिए उनका कार्य एवं योगदान पथ प्रदर्शक है।
महापौर मधुसूदन यादव ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर उन्हें याद करते हुए कहा कि वे देश के पहले उप प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री थे। उन्होंने देश के एकीकरण के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया तथा समर्पित भाव से देश की सेवा की। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, अध्यक्ष जनपद पंचायत राजनांदगांव प्रतिमा चंद्राकर, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल नीलू शर्मा, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल योगेशदत्त मिश्रा, कोमल सिंह राजपूत, खूबचंद पारख, विनोद खांडेकर, रामजी भारती, सचिन बघेल, रमेश पटेल, संतोष अग्रवाल, गीता साहू, सुरेश एच लाल, सौरभ कोठारी, भावेश बैद, कलेक्टर जितेन्द्र यादव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, जिला खेल अधिकारी ए एक्का, डीसी अभिषेक तिवारी, डीसी अंकित चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी, खिलाड़ी, विद्यार्थी एवं नागरिकगण उपस्थित रहे।
सूचना आयोग में अनुभव की नई शर्त के खिलाफ हाई कोर्ट में लगाई गई थी याचिकाएं की सुनवाई के लिए प्रदीप शर्मा ने हाईकोर्ट में अपील की सुनवाई..
प्रदीप शर्मा ने कोर्ट मे अपना पक्ष रखने याचिका लगाई थी आज स्थागन आदेश ख़ारिज करते हुए प्रकरण समाप्त कर दिया गया. मुख्य सूचना आयुक्त एवं सूचना आयुक्त की नियुक्ति पर उच्च न्यायालय छत्तीसगढ़ ने दिया स्थागन आदेश ख़ारिज करते हुए प्रकरण समाप्त कर दिया गया. …
बिलासपुर : मुख्य सूचना आयुक्त और सूचना आयुक्त के पदों के लिए भर्ती विज्ञापन जारी करने के बाद अनुभव की जो नई शर्त जोड़ दी गई है उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय डब्ल्यूपीसी 3811/2025 एवं 3815/2025 डॉक्टर दिनेश्वर प्रसाद सोनी उर्फ डी.के. सोनी प्रति छत्तीसगढ़ शासन व अन्य के तहत दो याचिकाएं मुख्य सूचना आयुक्त एवं सूचना आयुक्त की नियुक्ति में अनुभव की नई शर्त लगाई जाने के कारण दायर की गई थी जिस पर माननीय उच्च न्यायालय ने दिनांक 29/5/2025 को सुनवाई करते हुए मुख्य सूचना आयुक्त एवं सूचना आयुक्त की नियुक्ति पर रोक लगाई जाने का आदेश दिया गया था। जिसकी सुनवाई के लिए प्रदीप शर्मा ने हाईकोर्ट में केस दर्ज किया है जिससे कि पत्र व्यक्ति का चयन हो सके।
इस संबंध मे एडवोकेता अली असगर बिलासपुर हाईकोर्ट वकील ने बताया कि जब मुख्य सूचना आयुक्त और सूचना आयुक्त के पदों के लिए राज्य शासन ने वैकेंसी निकली तब आवेदन के लिए अनुभव की कोई विशेष शर्त नहीं रखी गई थी लेकिन 9 मई 2025 को जारी इंटरव्यू कॉल लेटर में सर्च कमेटी ने विधि, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की समाज सेवा, प्रबंधन, पत्रकारिता, जनसंपर्क या प्रशासन के क्षेत्र में कम से कम 25 वर्षों के अनुभव की अनिवार्यता जोड़ दी। इसी नई मापदंड के आधार पर 172 आवेदनों में से सिर्फ 51 को ही इंटरव्यू के लिए चुना गया वहीं मुख्य सूचना आयुक्त के लिए 30 वर्ष के अनुभव की अनिवार्यता जोड़ दी गई। नए शर्तो के खिलाफ हाई कोर्ट में याचिका पर दिया स्थगन राज्य शासन द्वारा अनुभव को लेकर जोड़ी गई नई शर्तों के खिलाफ हाई कोर्ट में दो याचिकाएं दायर की गई है जिसमें अधिवक्ता डी.के सोनी ने दोनों पदों के लिए आवेदन दिया था जिसमें अनुभव की नई शर्त जोड़ने के कारण अनुभव की शर्तों के खिलाफ याचिका लगाई है जिसमें माननीय उच्च न्यायालय ने दोनों पदों के इंटरव्यू होने के उपरांत स्थगन आदेश जारी कर नियुक्ति पर रोक लगाया गया था जिसकी सुनवाई के लिए केस लगाया गया है।
साथ ही श्री प्रदीप शर्मा दोनों ही पदों के इंटरव्यू में पात्रता की श्रेणी में आए और इस इंटरव्यू में सबसे कम उम्र के उम्मीदवार है और साथ कंडिकाओ में लगभग छै की योग्यता रखते हैं।
खाली पद के लिए अगर नई नियुक्तियों का मामला कोर्ट में उलझ गया तो इसमें और विलंब हो सकता है अब देखना यह है कि अनुभव की शर्तों के खिलाफ दायर याचिकाओं को लेकर कोर्ट का क्या फैसला आता है और तत्काल फैसला हो जिसके लिए केस पर अपील किया गया है। जिसमें आज छत्तीसगढ़ में मुख्य सूचना आयुक्त और सूचना आयुक्तों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। बिलासपुर हाई कोर्ट ने स्थगन समाप्त करते हुए याचिका खारिज कर दी। बताते हैं, कोर्ट में बड़ा दिलचस्प हुआ। जिस 25 साल के अनुभव की शर्त को चैलेंज किया गया था, कोर्ट ने उसे सही करार दिया। विरोधी पक्ष ने कोई तर्क-वितर्क भी नहीं किया।
राजनांदगांव। ग्राम खुटेरी के शिवनाथ नदी घाट पर एक बलेनो कार डूबी हुई मिली, जिसमें ग्राम के ही लीलाधर कुंभकार का शव बरामद हुआ। शव पूरी तरह सड़ चुका था। पुलिस जांच में पता चला कि लीलाधर कुंभकार की गुमशुदगी की रिपोर्ट लगभग डेढ़ महीने पहले जेवरा सिरसा थाने में दर्ज की गई थी। फिलहाल पुलिस ने कार और शव को बाहर निकालकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में जल संसाधन विभाग की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने प्रदेश में संचालित सभी निर्माणाधीन एवं प्रगतिरत सिंचाई परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न हों तथा निर्माण कार्यों की गति में तेजी लाई जाए।
रायपुर : गुणवत्तापूर्ण कार्य करते हुए सिंचाई परियोजनाओं के कार्य में लाएँ गति – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
मुख्यमंत्री साय ने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश देते हुए कहा कि जल संसाधन परियोजनाएँ प्रदेश के सर्वांगीण विकास की धुरी हैं। उन्होंने कहा कि जनता को स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता और कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित करने हेतु सिंचाई परियोजनाओं का निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण होना अत्यंत आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी निर्माणाधीन एवं प्रगतिरत सिंचाई परियोजनाओं के कार्यों में गति लाने के स्पष्ट निर्देश दिए।
बैठक में जल संसाधन विभाग के सचिव राजेश सुकुमार टोप्पो ने मुख्यमंत्री को पावर पॉइंट प्रेज़ेंटेशन के माध्यम से प्रदेश की निर्माणाधीन सिंचाई परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया।
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद सहित जल संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
राजनांदगांव । छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू राम निषाद एवं उपाध्यक्ष चन्द्रकांति वर्मा द्वारा 13 नवम्बर 2025 को दोपहर 12 बजे कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय विभागीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में शासन के विभिन्न विभागों द्वारा अन्य पिछड़े वर्गों के हितार्थ संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा एवं अन्य पिछड़े वर्ग के क्रीमीलेयर निर्धारण के संबंध में विशेष चर्चा की जाएगी। बैठक में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जानकारी सहित उपस्थित होने के निर्देश दिए गए है।
– वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों को किया संबोधित – वंदे मातरम् हर दौर में प्रासंगिक एवं अमर – वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी कार्यक्रम से जुड़े राजनांदगांव । वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज देशवासियों को संबोधित किया। इस अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, केन्द्रीय सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष सचिन बघेल, समाज सेवी कोमल सिंह राजपूत, कलेक्टर जितेन्द्र यादव, जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह एवं अन्य जनप्रतिनिधि जुड़े। इस दौरान देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा, राष्ट्रीय चेतना की भावना को संजोए हुए सभी ने वंदे मातरम् राष्ट्रगीत का गायन किया।
राजनांदगांव : वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ का उत्सव कोटि-कोटि देशवासियों को नई ऊर्जा और नई प्रेरणा से भर देगा : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि वंदे मातरम् की 150 वर्ष की यात्रा असाधारण यात्रा है। वंदे मातरम् का अद्भुत अनुभव अभिव्यक्ति से परे है। एक ऐसा तारत्म्य जिसकी तरंग ने हृदय को स्पंदित कर दिया है। यह उत्सव कोटि-कोटि देशवासियों को नई ऊर्जा और नई प्रेरणा से भर देगा। उन्होंने कहा कि बंकिचंद्र चटर्जी रचित आनंद मठ में वंदे मातरम् की एक-एक पंक्ति में शक्ति, भाव गहरे है तथा स्वाधीन भारत का स्वप्न है। वंदे मातरम् आजादी के संकल्प का उद्घोष बन गया है। स्वतंत्रता संग्राम के दौर में वंदे मातरम् जन-जन का स्वर बन गया। सुजलाम् सुफलाम् मलयजशीतलाम्, शस्यश्यामलाम् मातरम् … मातृभूमि को नमन, हमारी हजारों वर्ष पुरानी पहचान, यहां की नदियां, पहाड़, वन, उपजाऊ मिट्टी और धरती भारत की समृद्धि की कहानी दुनिया को बताती रही। उन्होंने यह ताकत दी कि मुश्किलों के बावजूद भारत अपने स्वर्णिम दौर को पुन: प्राप्त कर सकता है और समृद्ध भारत का आह्वान किया। वंदे मातरम् हर दौर में प्रासंगिक एवं अमर है।
जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव ने कहा कि राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों को संबोधित किया है। जिसमें हम सभी की सहभागिता है। वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं बल्कि हजारों-करोड़ों बलिदानियों को याद करने का अवसर है। जिनके सम्मान के लिए हम सभी एकजुट हुए है। यह अवसर मिट्टी से जुडऩे का सौभाग्य है तथा देश के लिए प्रेम, स्नेह एवं ममता देने का अवसर है। जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह ने सभी अतिथियों को आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति देव कुमारी साहू, जिला पंचायत सदस्य जागृति यदु, जिला पंचायत सदस्य बिरम बाई मंडावी एवं अन्य जिला पंचायत सदस्य, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
352000 के बदले 4 लाख दें। राशि अदायगी में देरी पर दो माह का पृथक कारावास।। राजनांदगांव। न्यायालय देंतेश्वरी नेताम न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी ने परिवाद प्रकरण क्रमांक 3969/2023 परिवादी दिलीप कोटडिया आ स्व. श्री सोनराज कोटडिया राजनांदगांव के प्रकरण में आरोपी शुभम अग्रवाल आ. अनिल अग्रवाल को चेक क्रमांक 244538 राशि 352000 तीन लाख बावन हजार का चेक किसी ऋण या अन्य दायित्वों के पूर्णतः या भागतः उन्मोचन के लिए दिया था।कि अभियुक्त शुभम अग्रवाल आ अनिल अग्रवाल के खाते में जमा धनराशि उस चेक के आहरण करने के लिए अपर्याप्त है।जिसे न्यायालय ने शुभम अग्रवाल को पराक्रम लिखत अधिनियम की धारा 138 के अपराध के लिए दोषी करार दिया माननीय न्यायालय ने आरोपी को धारा 138 पराक्रम लिखत अधिनियम अपराध में छह माह के साधारण कारावास सजा से दण्डित किया तथा आरोपी शुभम अग्रवाल को 352000 लाख बावन हजार रुपए की चेक धनराशि की आर्थिक क्षति होने के तारतम्य में भारतीय न्याय संहिता की धारा 395(3) के अंतर्गत शुभम अग्रवाल को आरोपी मानते हुए परिवादी दिलीप कोटडिया को कुल 4 लाख रुपए की प्रतिकर राशि अपील अवधि पश्चात अपील न होने पर प्रतिकर स्वरुप प्रदान करेगा। यह राशि अदायगी में व्यतिक्रम की दशा में आरोपी को दो माह की अतिरिक्त साधारण सजा भुगतना होगा। परिवादी दिलीप कोटडिया की ओर से श्री मनोज दूबे ने पैरवी की थी।
खैरागढ़, जिले में सड़कों को गड्ढा मुक्तकर आम जनों के लिए सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने की दिशा में लोक निर्माण विभाग (मं \स) संभाग खैरागढ़ द्वारा त्वरित गति से कार्य किया जा रहा है। खैरागढ़-लांजी मार्ग (राज्य मार्ग क्रमांक 22)में गड्ढों की पेंच मरम्मत का कार्य मेसर्स सेवा सिंह ओबेराय एंड कंपनी ठेकेदार दुर्ग के माध्यम से गुणवत्तापूर्वक कराया जा रहा है। कार्य की निरंतर निगरानी विभागीय अधिकारियों द्वारा की जा रही है अधिकारियों ने बताया कि अन्य प्रमुख मार्गों को भी गड्ढा मुक्त करने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है।
खैरागढ़, वंदे मातरम के 150वें वर्षगांठ के अवसर पर जिले में आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने सभी अधिकारियों नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों को निर्देशित किया है कि यह उत्सव मनाया जाए। कार्यक्रम चार चरणों में संपन्न होंगे। पहला चरण 7 से 14 नवंबरए दूसरा चरण 19 से 26 जनवरी 2026 तीसरा चरण 7 से 15 अगस्त 2026 ;हर घर तिरंगा अभियान के साथ और अंतिम चरण 1 से 7 नवंबर 2026 के रूप में मनाया जाएगा। आयोजन की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन से होगीए जिसका सीधा प्रसारण 7 नवंबर को सुबह 10 से 11 बजे तक दूरदर्शन के माध्यम से किया जाएगा।