छत्तीसगढ़

CG : ऐतिहासिक धरोहर, संस्कृति, साहित्य और लोककला का होगा भव्य संगम …

अम्बिकापुर । सरगुजा अंचल की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक धरोहर रामगढ़ में आषाढ़ के प्रथम दिवस 29 एवं 30 जून 2026 को दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, इतिहास, पुरातत्व, साहित्य एवं पर्यटन का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। महोत्सव में जनप्रतिनिधि, साहित्यकार, इतिहासकार, कलाकार, पर्यटक तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल होंगे।

29 जून को पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री करेंगे शुभारंभ

महोत्सव का शुभारंभ 29 जून को प्रातः 10ः30 बजे पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना से किया जाएगा। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत, उद्बोधन तथा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। दिनभर छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति पर आधारित लोकनृत्य, लोकगीत एवं पारंपरिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। सायंकाल प्रदेश के सुप्रसिद्ध लोक एवं सांस्कृतिक कलाकार अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से महोत्सव की गरिमा बढ़ाएंगे। भव्य रामलीला का मंचन नई दिल्ली के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा।

रामगढ़ की ऐतिहासिक धरोहरों से होंगे रूबरू

महोत्सव के दौरान आगंतुकों को विश्व की प्राचीनतम रंगशाला के रूप में प्रसिद्ध सीताबेंगरा गुफा, ऐतिहासिक जोगीमारा गुफा, रामगढ़ पर्वत श्रृंखला तथा अन्य महत्वपूर्ण पुरातात्विक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इतिहास एवं पुरातत्व विशेषज्ञ इन धरोहरों के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक महत्व की विस्तृत जानकारी देंगे।

30 जून को साहित्य, संस्कृति और जनजातीय परंपराओं का होगा उत्सव

महोत्सव के दूसरे दिन 30 जून को साहित्य, इतिहास एवं संस्कृति पर केंद्रित परिचर्चाएं, लोककलाओं की प्रस्तुति, जनजातीय संस्कृति का प्रदर्शन, स्थानीय हस्तशिल्प एवं पारंपरिक उत्पादों की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं सांस्कृतिक संस्थाओं के कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन करेंगे।

समापन समारोह में मुख्यमंत्री होंगे मुख्य अतिथि

रामगढ़ महोत्सव का समापन 30 जून को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होगा। समापन समारोह में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ उत्कृष्ट प्रतिभागियों, कलाकारों एवं सहयोगियों को सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री महोत्सव को संबोधित करते हुए प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं पर्यटन विकास से जुड़े विषयों पर अपने विचार भी व्यक्त करेंगे।

पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान को मिलेगा नया आयाम

रामगढ़ महोत्सव के माध्यम से सरगुजा की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने के साथ-साथ क्षेत्रीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। महोत्सव में आने वाले पर्यटकों को रामगढ़ क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, पुरातात्विक धरोहरों तथा स्थानीय जनजातीय संस्कृति को निकट से जानने और समझने का अवसर प्राप्त होगा।

जिला प्रशासन ने जिलेवासियों, साहित्यकारों, कलाकारों, विद्यार्थियों एवं पर्यटकों से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में सहभागिता कर इस सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

lokesh sharma

Lokesh Sharma | Editor Lokesh Sharma is a trained journalist and editor with 10 years of experience in the field of journalism. He holds a BAJMC degree from Digvijay College and a Master of Journalism from Kushabhau Thakre University of Journalism & Mass Communication. He has also served as a Professor in the Journalism Department at Digvijay College. Currently, he writes on Sports, Technology, Jobs, and Politics for kadwaghut.com.

Related Articles

Back to top button
ऐप पर पढ़ें