DPR छत्तीसगढ समाचार

CG : बस्तर में जनगणना 2027 : कलेक्टर आकाश छिकारा ने फील्ड ट्रेनर्स को दिया निष्ठा से कार्य करने का मंत्र …

जगदलपुर : भारत की आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण को सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने हेतु बस्तर जिले में प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। जिला कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में जगदलपुर स्थित जिला कार्यालय के आस्था हॉल में 36 फील्ड ट्रेनर्स के लिए तीन दिवसीय सघन प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण मुख्य रूप से मकान सूचीकरण और मकानों की गणना के महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को त्रुटिरहित और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। 23 मार्च से 25 मार्च 2026 तक चलने वाले इस शिविर में जनगणना निदेशालय के मास्टर ट्रेनर संतोष मेंढे और जिले के मास्टर ट्रेनर जीवन लाल शर्मा द्वारा प्रतिभागियों को सुबह 09ः30 बजे से शाम 06 बजे तक प्रशिक्षित किया जा रहा है।

       प्रशिक्षण सत्र के दौरान फील्ड ट्रेनर्स को संबोधित करते हुए कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री आकाश छिकारा ने जनगणना की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं है, बल्कि यह भविष्य की योजनाओं और जन-कल्याण का आधार है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को निर्देशित किया कि वे गणना के प्रत्येक बिंदु को सूक्ष्मता से समझें, क्योंकि उनके द्वारा दिया गया प्रशिक्षण ही आगे चलकर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की कार्यक्षमता निर्धारित करेगा। कलेक्टर ने विशेष रूप से डेटा की शुद्धता और मोबाइल ऐप के प्रभावी उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि डिजिटल जनगणना के इस युग में तकनीक का सही ज्ञान ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने सभी फील्ड ट्रेनर्स को पूरी निष्ठा के साथ इस राष्ट्रीय दायित्व का निर्वहन करने के लिए प्रोत्साहित किया।  

        प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत फील्ड ट्रेनर्स को एचएलओ मोबाइल ऐप की कार्यप्रणाली, लेआउट मानचित्र तैयार करने की तकनीक और डेटा सुरक्षा के कड़े मानकों से अवगत कराया जा रहा है। सीखने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए सत्रों में रिकैप क्विज और रोल-प्ले जैसी गतिविधियाँ भी शामिल की गई हैं। प्रशिक्षण के अंतिम चरण में इन ट्रेनर्स को जमीनी अनुभव देने हेतु क्षेत्रीय भ्रमण (फील्ड विजिट) पर ले जाया जाएगा, जहाँ वे परिवारों से संपर्क करने और वास्तविक स्थितियों में डेटा संग्रह करने का अभ्यास करेंगे। अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी श्री सीपी बघेल ने सभी संबंधित प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे इस महत्वपूर्ण कार्य में संलग्न कर्मियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति और अनुशासन सुनिश्चित करें। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर सुश्री हीरा गवर्ना उपस्थित थीं। choose a block

https://news.google.com/publications/CAAqKAgKIiJDQklTRXdnTWFnOEtEV3RoWkhkaFoyaDFkQzVqYjIwb0FBUAE?hl=hi&gl=IN&ceid=IN%3Ahi