छत्तीसगढ़जशपुर जिला

CG : विधायक रायमुनी भगत ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर किया अभियान का शुभारंभ …

जशपुरनगर । जिले में राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ आज जिला चिकित्सालय जशपुर से किया गया। विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने नवजात बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे का स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि ष्एक भी बच्चा छूटा, सुरक्षा चक्र टूटाष् के संदेश को ध्यान में रखते हुए 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं।

 कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा, सिविल सर्जन डॉ. कपिल कश्यप, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. गौरव सिंह, बीईटीओ श्रीमती मनीषा कुजूर, एएनएम श्रीमती अरुणा सिंह, जिला वैक्सीन मैनेजर श्री एस.एल. सारथी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन, प्रभावी सुपरविजन एवं सतत मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के साथ पंचायत, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, परिवहन तथा विद्युत विभाग को समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।          

28 से 30 जून तक संचालित होगा राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान

राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान तीन दिनों तक संचालित किया जाएगा। प्रथम दिवस 28 जून को जिले के सभी पोलियो बूथों पर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा रही है। वहीं 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएगी, जो पहले दिन किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके। जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को पोलियो बूथ बनाया गया है। अभियान के संचालन के लिए स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों की टीम गठित की गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा ने बताया कि जिले की भौगोलिक परिस्थितियों एवं क्षेत्रीय आवश्यकता को देखते हुए इस वर्ष पोलियो बूथों की संख्या बढ़ाई गई है।

जिले में कुल 1,205 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। इनमें पत्थलगांव में 192, फरसाबहार में 147, कांसाबेल में 84, बगीचा में 219, कुनकुरी में 152, दुलदुला में 92, मनोरा में 146 तथा जशपुर विकासखंड में 173 बूथ शामिल हैं। अभियान के संचालन के लिए 4,464 दलकर्मियों (स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं मितानिन) की तैनाती की गई है, जबकि 224 सुपरवाइजर बूथों एवं गृह भ्रमण की निगरानी करेंगे। इसके अतिरिक्त जिले के 11 मेला एवं बाजार स्थलों का चिन्हांकन कर वहां विशेष व्यवस्था की गई है। बस स्टैंड, ईंट-भट्ठों तथा अन्य उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों को कवर करने के लिए 8 ट्रांजिट टीम एवं 9 मोबाइल टीमों का गठन किया गया है, जो प्रवासी एवं छूटे हुए बच्चों तक पहुंचकर उन्हें पोलियो की खुराक पिलाएंगी।

1,15,726 बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. गौरव सिंह ने बताया कि जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 1,15,726 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विकासखंडवार लक्षित बच्चों की संख्या में पत्थलगांव 26,089, फरसाबहार 14,673, कांसाबेल 10,273, बगीचा 23,446, कुनकुरी 12,984, दुलदुला 6,926, मनोरा 8,285 तथा जशपुर 13,049 बच्चे शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 27 मार्च 2014 को भारत को पोलियो मुक्त देश का प्रमाण-पत्र प्राप्त हुआ था। इस उपलब्धि को बनाए रखने तथा पोलियो वायरस की पुनः एंट्री रोकने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान का आयोजन किया जाता है। इसी कड़ी में इस वर्ष भी जिले में व्यापक स्तर पर अभियान संचालित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाकर इस जनस्वास्थ्य अभियान को सफल बनाएं।

lokesh sharma

Lokesh Sharma | Editor Lokesh Sharma is a trained journalist and editor with 10 years of experience in the field of journalism. He holds a BAJMC degree from Digvijay College and a Master of Journalism from Kushabhau Thakre University of Journalism & Mass Communication. He has also served as a Professor in the Journalism Department at Digvijay College. Currently, he writes on Sports, Technology, Jobs, and Politics for kadwaghut.com.

Related Articles

Back to top button
ऐप पर पढ़ें