
CG : पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया ‘सेंट्रल इंडिया कनेक्ट मार्केट प्लेस’ का शुभारंभ
विश्व पर्यटन दिवस पर छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास को नई दिशा, आईआरसीटीसी व फिक्की संग हुए दो महत्वपूर्ण समझौते
टूरिज्म बोर्ड की नई वेबसाइट का हुआ लोकार्पण
रायपुर,

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और मुख्य अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य एवं छत्तीसगढ़ ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन के अध्यक्ष जसप्रीत भाटिया और टूरिज्म इंडिया एलायंस के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीप भगत मंच पर उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने पर्यटन क्षेत्र में योगदान देने वाले स्टेकहोल्डर्स को सम्मानित किया। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा पूर्व में कनेक्ट मार्केट प्लेस के पहले संस्करण में घोषित पर्यटन पुरस्कार योजना के अंतर्गत इस वर्ष 10 श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए। इनमें होटल श्रेष्ठा को सर्वश्रेष्ठ होटल, रितेश मुंद्रा को सर्वश्रेष्ठ टूर ऑपरेटर, दन्तेवाड़ा को सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवार्ड, जीत सिंह आर्या को सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप, दण्डामी लग्जरी रिसॉर्ट को सीटीबी स्टार परफॉर्मर (सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट), टी.आई.सी. एयरपोर्ट रायपुर को सीटीबी स्टार परफॉर्मर (पर्यटक सूचना केंद्र), भोरमदेव जंगल रिट्रीट को सर्वश्रेष्ठ होमस्टे, आकाश साहू (आकाश का सफर) को सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर, गौरेला पेन्ड्रा मरवाही जिले को सर्वश्रेष्ठ इको टूरिज्म साइट तथा 36 मोन्टाने एडवेंचर कैंपिंग के खेमलाल साहू को सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

इस दौरान पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव ने राज्य की पर्यटन नीतियों एवं अवसरों पर विस्तृत जानकारी दी। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने अपने उद्बोधन में आगामी आयोजनों और रोडमैप की जानकारी साझा की। छत्तीसगढ़ ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन के अध्यक्ष जसप्रीत भाटिया ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया एवं कार्यक्रम का समापन उद्बोधन छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने दिया। कार्यक्रम के समापन के अवसर पर पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। यह महत्वपूर्ण आयोजन न केवल छत्तीसगढ़ के पर्यटन क्षेत्र को नया आयाम देने का कार्य करेगा बल्कि राज्य को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और अधिक सशक्त रूप से स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।


