
सरपंच आशा यदु की पहल: बाटगांव में हरियाली बढ़ाने 2000 पौधे लगाने की तैयारी
2025 में 1400 पौधे रोपे गए; अब 2026 में लगेंगे 2000 पौधे
राजनांदगांव।
ग्राम पंचायत बाटगांव में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ग्राम पंचायत की सरपंच आशा यदु की पहल पर वर्ष 2025 में गांव में करीब 1400 पौधों का रोपण किया गया था। अब वर्ष 2026 में इस अभियान को और बड़े स्तर पर आगे बढ़ाने की तैयारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, इस वर्ष वन विभाग के सहयोग से ग्राम पंचायत बाटगांव में 2000 पौधे लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। पंचायत का उद्देश्य गांव में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन और स्वच्छ वातावरण को बढ़ावा देना है।
सरपंच आशा यदु ने बताया कि गांव के विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण भी जरूरी है। पौधारोपण से आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और बेहतर वातावरण मिलेगा। पंचायत द्वारा लगाए गए पौधों की देखरेख पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही गई है, ताकि पौधे सिर्फ लगाए ही न जाएं, बल्कि सुरक्षित रूप से बड़े भी हो सकें।
ग्राम पंचायत की इस पहल से ग्रामीणों में भी उत्साह देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पौधों की नियमित देखभाल होती रही, तो आने वाले समय में बाटगांव हरियाली के मामले में एक उदाहरण बन सकता है।



