छत्तीसगढ़राजनांदगांव जिला

डोंगरगांव भाजपा पदाधिकारियों की जिला कार्यालय में पेशी, अनुशासन का पाठ पढ़ाया

राजनांदगांव। डोंगरगांव भाजपा संगठन में चल रही इस्तीफे की चर्चाओं और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को लेकर जिला भाजपा संगठन सख्त नजर आया। इसी क्रम में जनपद डोंगरगांव के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित करीब 12 पदाधिकारियों को जिला भाजपा कार्यालय में तलब कर उनसे स्पष्टीकरण लिया गया।

बैठक में जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, वरिष्ठ नेता संतोष अग्रवाल सहित संगठन के अन्य प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान जिला नेतृत्व ने डोंगरगांव से आए पदाधिकारियों को पार्टी अनुशासन और संगठन की नीति का पाठ पढ़ाते हुए भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से बचने की सख्त नसीहत दी।

सोशल मीडिया पर इस्तीफे की चर्चा बनी वजह

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से डोंगरगांव क्षेत्र में भाजपा संगठन से जुड़े कुछ पदाधिकारियों के इस्तीफा देने की चर्चाएं सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही थीं। इसकी जानकारी जिला संगठन तक पहुंचने के बाद नेतृत्व ने इसे गंभीरता से लिया और संबंधित पदाधिकारियों को कार्यालय बुलाकर स्थिति स्पष्ट करने को कहा।

अफवाह फैलाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

बैठक में जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने स्पष्ट कहा कि यदि पार्टी के खिलाफ इस तरह की अफवाहें फैलाने या अनुशासनहीनता की गतिविधियां जारी रहीं तो संगठन सख्त कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पदाधिकारी ने मानी गलती


बैठक में मौजूद डोंगरगांव से आए एक पदाधिकारियों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में पार्टी अनुशासन का पालन करने का आश्वासन दिया। इसके बाद मामला शांत हुआ।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा

भाजपा संगठन की इस सख्त कार्रवाई को लेकर राजनीतिक और संगठनात्मक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि संगठन इसी प्रकार अनुशासन को लेकर कठोर रुख अपनाता है तो इससे पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच अनुशासन और संगठनात्मक मजबूती का संदेश जाएगा।

Related Articles

Back to top button