
CG : बेटी को एग्जाम सेंटर लेकर जा रहा था पिता, ट्रक ने रौंदा …
जीपीएम। जिले में सड़क हादसे में बीएससी छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। छात्रा परीक्षा देने के लिए निकली थी, इसी दौरान तेज रफ़्तार ट्रक ने चपेट में ले लिया। हादसे में छात्रा की मौत हो गई। वहीं, इस दुर्घटना में छात्रा के पिता गंभीर रूप से घायल है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना पेंड्रा थाना क्षेत्र के कोटमी चौकी क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, पसान थाना क्षेत्र के ग्राम अमझर निवासी मृतिका गायत्री सिंह द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। घटना वाले दिन छात्रा अपने पिता कृपाल सिंह के साथ मोपेड में सवार होकर पेंड्रा काॅलेज परीक्षा देने जा रही थी। इसी दौरान सोन नदी पुल के पास पहुंचे ही थे कि तेज रफ़्तार ट्रक ने पिता-पुत्री को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसक पिता कृपाल सिंह गंभीर हालत में घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीरों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृतिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। साथ ही घायल पिता को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बताया जा राह है कि पुल पर ट्रक ओवरटेक कर रहा था, वाहन चालक की लापरवाही के चलते यह हादसा हो गया। हादसे में छात्रा की मौत हो गई। घटना के बाद आरोप टर्क चालक फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस मामले में अपराध दर्ज कर आगे की जांच कार्रवाई कर रही है। वहीं, इस घटना के बाद से छात्रा के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। छात्रा की मौत की खबर मिलने के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



