Rajnandgaon: घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी, पुलिस की त्वरित कार्रवाई—दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार जब्त
पुरानी रंजिश में धारदार कटारी व डंडे से हमला, दोनों आरोपी पूर्व में भी आपराधिक मामलों में रहे शामिल
राजनांदगांव।
थाना लालबाग क्षेत्र के ग्राम पेण्ड्री में घर में घुसकर गाली-गलौच, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में लालबाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से एक धारदार चाकूनुमा कटारी और बांस का डंडा जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी टुकेश उर्फ बाबू, निवासी ग्राम पेण्ड्री ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि पूर्व में उसके मंगेतर को जन्मदिन की बधाई देने की बात को लेकर आरोपी देवीलाल साहू से विवाद हुआ था, जिसे आपसी समझौते से सुलझा लिया गया था। इसके बावजूद 1 जनवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे, आरोपी सुनील मरकाम उर्फ टिर्रू, देवीलाल साहू तथा उनके अन्य साथियों ने पुरानी रंजिश को लेकर प्रार्थी के घर पहुंचकर गाली-गलौच की, घर में घुसकर डंडे से मारपीट की और धारदार कटारी दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना लालबाग में धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5), 333 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश ठाकुर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार साहू के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस ने आरोपियों देवीलाल साहू (21 वर्ष) एवं सुनील मरकाम (28 वर्ष), निवासी अटल आवास पेण्ड्री को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त हथियार जब्त किए। मामले में धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट भी जोड़ी गई है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी एवं मारपीट जैसे अपराध दर्ज होना पाया गया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि प्रकरण के दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
इस संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक राजेश कुमार साहू, सउनि अश्वनी यदु, प्रधान आरक्षक मोहन चंदेल, आरक्षक कमल किशोर यादव एवं आरक्षक लेखराम की भूमिका सराहनीय रही।
यह भी पढे़ : Rajnandgaon: क़लयुगी पुत्र बना पिता का हत्यारा: जमीन-जायदाद के विवाद में बेटे ने की बेरहमी से पिटाई, आरोपी गिरफ्तार…




