
राजनांदगांव : किसानों ने एसडीएम एम भार्गव को ज्ञापन सौंपते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा…
डोंगरगढ़ , डोंगरगढ़ ब्लॉक के ग्राम कुर्रुभाठ में नवीन सहकारी सोसायटी प्रारंभ किए जाने की संभावित प्रक्रिया के विरोध में बुधवार को बधियाटोला, राका और रामनगर के दो दर्जन से अधिक किसानों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज कराया।
किसानों ने एसडीएम एम भार्गव को ज्ञापन सौंपते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पूर्व में ग्राम राका में सोसायटी खोले जाने का आदेश जारी हुआ था, लेकिन बाद में इसे राका के स्थान पर कुर्रुभाठ में स्थानांतरित करने की चर्चा सामने आई। इस प्रस्ताव का आसपास के गांवों के किसानों ने पहले भी विरोध किया था और मांग की थी कि सोसायटी का गठन राका या बधियाटोला में किया जाए।
यदि यह संभव न हो तो वर्तमान में संचालित मुड़पार सोसायटी को यथावत रखा जाए। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में शासन-प्रशासन को कई बार आवेदन और ज्ञापन दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। किसानों के अनुसार, यदि बिना जानकारी दिए कुर्रुभाठ में नई सोसायटी गठित करने का प्रयास किया गया तो बधियाटोला-राका मार्ग पर चक्का जाम कर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। एसडीएम एम भार्गव ने बताया कि किसानों की समस्या को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है। अधिकारियों को अवगत कराते हुए शीघ्र निराकरण का प्रयास किया जाएगा




