Rajnandgaon: जमातपारा में संदिग्ध गतिविधि , अप्पू जैन और महिला पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
राजनांदगांव। बसंतपुर थाना क्षेत्र के जमातपारा इलाके में संदिग्ध गतिविधियों और शांति भंग की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, 09 जून 2026 को सूचना मिली थी कि जमातपारा क्षेत्र स्थित एक प्रॉपर्टी डीलर कार्यालय में संदिग्ध गतिविधियों को लेकर स्थानीय नागरिकों में आक्रोश है और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए हैं।
सूचना मिलते ही थाना बसंतपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, मौके पर एक संदिग्ध महिला मिली, जिसने कैलाश लॉज संचालक प्रीमन कुमार जैन उर्फ अप्पू जैन के साथ आने की बात कही। इसके बाद दोनों को पूछताछ के लिए थाना लाया गया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों व्यक्तियों द्वारा संतोषजनक और स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। साथ ही पुलिस की उपस्थिति में हो-हल्ला और अव्यवस्थित व्यवहार करने की बात भी सामने आई। पुलिस के अनुसार, दोनों द्वारा टालमटोल करते हुए गुमराह करने का प्रयास किया गया।
क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने दोनों के विरुद्ध पृथक-पृथक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और उन्हें माननीय एसडीएम न्यायालय, राजनांदगांव के समक्ष प्रस्तुत किया।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के निर्देशन में जिले में असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है।
राजनांदगांव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले और असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी कठोर और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।



